21 Nov 2026
Current Khabar
Current Khabar
झारखंड की आवाज़

साहिबगंज में बजेगा आपातकालीन सायरन, बचाव और राहत कार्यों का होगा पूर्वाभ्यास

प्रिंस मिश्रा
प्रिंस मिश्रा reporter
📅 20 Nov 2026, 08:53 PM IST
👁 9 views
WhatsApp Facebook
साहिबगंज में बजेगा आपातकालीन सायरन, बचाव और राहत कार्यों का होगा पूर्वाभ्यास
साहिबगंज: जिले में आपातकालीन परिस्थितियों और संभावित आपदाओं से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए 26 नवंबर 2026 को नागरिक सुरक्षा मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाएगा। इसके माध्यम से जिला प्रशासन विभिन्न विभागों की त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता, आपसी समन्वय और बचाव एवं राहत कार्यों की तैयारियों का आकलन करेगा। मॉक ड्रिल के दौरान संदिग्ध विस्फोटक उपकरण मिलने, आतंकी हमले, आग लगने तथा अन्य आकस्मिक घटनाओं जैसी परिस्थितियों से निपटने का अभ्यास किया जाएगा।

इस संबंध में शुक्रवार को उपायुक्त दीपक कुमार दूबे की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह भी उपस्थित रहे। गृह मंत्रालय, भारत सरकार के नागरिक सुरक्षा एवं गृह रक्षा वाहिनी महानिदेशालय की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के आलोक में आयोजित इस बैठक में मॉक ड्रिल की तैयारियों, विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियों और कार्यक्रम के संचालन की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।

प्रशासन के अनुसार, इस अभ्यास का प्रमुख उद्देश्य आपातकालीन स्थिति में संबंधित विभागों की तत्परता, संसाधनों की उपलब्धता, बचाव कार्यों की प्रभावशीलता तथा आपसी तालमेल की जांच करना है। इसके साथ ही नागरिक सुरक्षा अधिनियम के तहत निर्धारित नागरिक सुरक्षा की 12 बुनियादी सेवाओं की कार्यप्रणाली का भी परीक्षण किया जाएगा।

दो स्थानों पर दो चरणों में होगा मॉक ड्रिल

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मॉक ड्रिल का आयोजन शहर के दो प्रमुख स्थलों पर किया जाएगा। पहले चरण में नगर परिषद कार्यालय परिसर सह गांधी चौक में अपराह्न 4 बजे से 4:45 बजे तक अभ्यास होगा। यहां संदिग्ध विस्फोटक उपकरण की पहचान, खोज, बचाव, निष्कासन तथा संभावित रूप से प्रभावित लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया जाएगा।

वहीं, दूसरे चरण में सदर अस्पताल सह बस स्टैंड परिसर में शाम 5:30 बजे से 6:15 बजे तक अग्नि आपातकालीन स्थिति से निपटने का अभ्यास किया जाएगा। इस दौरान आग लगने की सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई, अग्निशमन, घायलों का प्राथमिक उपचार, एंबुलेंस की व्यवस्था और लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की प्रक्रिया का प्रदर्शन होगा।

पहले से चिह्नित किए जाएंगे सुरक्षित निकास और कमान पोस्ट

मॉक ड्रिल की तैयारियों के तहत 26 नवंबर को दोपहर 3 बजे से 3:45 बजे तक संबंधित विभागों के नोडल पदाधिकारी, पुलिस, अग्निशमन, स्वास्थ्य विभाग, रेलवे, स्वयंसेवी संगठनों और अन्य प्रतिनिधि दोनों निर्धारित स्थलों का भौतिक निरीक्षण करेंगे। इस दौरान सुरक्षित निकास द्वार, एकत्रीकरण स्थल, आपातकालीन वाहनों के आवागमन का मार्ग और कमान पोस्ट चिह्नित किए जाएंगे।

पहले चरण में शाम 4 बजे सायरन बजाकर मॉक ड्रिल शुरू की जाएगी। इसके साथ ही निर्धारित क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बंद कराई जाएगी और पुलिस बल घटनास्थल की घेराबंदी करेगा। यातायात नियंत्रित कर आम लोगों की आवाजाही रोकी जाएगी, ताकि बचाव कार्यों का अभ्यास सुरक्षित तरीके से किया जा सके।

शाम 4:07 बजे नागरिक सुरक्षा वार्डन, गृह रक्षा वाहिनी और प्रशिक्षित स्वयंसेवक व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरणों के साथ क्षतिग्रस्त भवन में प्रवेश कर खोज एवं बचाव अभियान का अभ्यास करेंगे। इसके बाद 4:15 बजे चिकित्सा दल घटनास्थल पर पहुंचकर घायलों को प्राथमिक उपचार देने और उनकी चिकित्सकीय स्थिति के अनुसार श्रेणीकरण करने की प्रक्रिया अपनाएगा। गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को एंबुलेंस से सदर अस्पताल पहुंचाने का अभ्यास भी किया जाएगा। इस दौरान अग्निशमन दल संभावित आग पर नियंत्रण और बचाव कार्यों का प्रदर्शन करेगा।

पहले चरण का अभ्यास समाप्त होने के बाद 4:45 बजे सभी संबंधित टीमें और संसाधन दूसरे स्थल के लिए रवाना होंगे। शाम 5:15 बजे तक सभी आपातकालीन दल सदर अस्पताल सह बस स्टैंड परिसर में पहुंचकर अपनी तैयारियों की दोबारा जांच करेंगे।

आग लगने की स्थिति में बचाव और राहत का होगा अभ्यास

दूसरे चरण में शाम 5:30 बजे चेतावनी सायरन के साथ अग्नि आपातकालीन स्थिति का मॉक ड्रिल शुरू होगा। अग्निशमन दल आग बुझाने, प्रभावित लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने और अन्य बचाव कार्यों का प्रदर्शन करेगा। वहीं, स्वास्थ्य विभाग की टीम घायलों को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने तथा जरूरत के अनुसार चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित करने का अभ्यास करेगी। शाम 6:10 बजे तक बचाव एवं राहत गतिविधियां पूरी कर ली जाएंगी। इसके बाद सुरक्षित सायरन बजाकर मॉक ड्रिल के समापन की घोषणा की जाएगी।

विभिन्न विभागों को सौंपी गई अलग-अलग जिम्मेदारियां

मॉक ड्रिल को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने विभिन्न विभागों और संगठनों को उनकी भूमिका के अनुरूप जिम्मेदारियां सौंपी हैं। आपदा प्रबंधन विभाग और प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी समग्र समन्वय, घटनास्थल की प्रशासनिक व्यवस्था तथा प्रत्येक 15 मिनट पर स्थिति का आकलन करेंगे। साथ ही प्रभावित लोगों के लिए भोजन, पेयजल, आश्रय और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे।

पुलिस विभाग एवं गृह रक्षा वाहिनी को घटनास्थल की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन, क्षेत्र की घेराबंदी, संदिग्ध विस्फोटक वस्तुओं की जांच और सुरक्षित निकासी में सहयोग की जिम्मेदारी दी गई है। अग्निशमन विभाग आधुनिक अग्निशमन वाहनों, फोम टेंडर और अन्य जीवनरक्षक उपकरणों के माध्यम से आग पर नियंत्रण तथा बचाव कार्यों का संचालन करेगा।

स्वास्थ्य विभाग एवं सिविल सर्जन की टीम घायलों के प्राथमिक उपचार, चिकित्सकीय श्रेणीकरण, एंबुलेंस व्यवस्था और सदर अस्पताल में आपातकालीन चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी निभाएगी। नगर परिषद साहिबगंज की ओर से सार्वजनिक उद्घोषणा, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई और कचरा निष्पादन की व्यवस्था की जाएगी।

विद्युत आपूर्ति प्रमंडल निर्धारित निर्देशों के अनुसार मॉक ड्रिल शुरू होते ही संबंधित स्थलों की बिजली आपूर्ति बंद करेगा तथा अभ्यास समाप्त होने के बाद सुरक्षा जांच कर आपूर्ति बहाल करेगा। जिला परिवहन विभाग सामान्य वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से भेजने और आपातकालीन वाहनों के निर्बाध आवागमन की व्यवस्था करेगा। वहीं, भवन प्रमंडल, पथ प्रमंडल, एनआरईपी और गंगा पंप नहर की ओर से आवश्यक भौतिक एवं तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।

अफवाहों पर नजर रखेगा जनसंपर्क कार्यालय

मॉक ड्रिल के दौरान सूचना के आदान-प्रदान और जनसंचार की जिम्मेदारी जिला जनसंपर्क कार्यालय को सौंपी गई है। कार्यालय की ओर से आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति जारी करने, अधिकृत प्रवक्ता के माध्यम से सूचनाएं प्रसारित करने तथा सोशल मीडिया पर अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं की निगरानी की जाएगी। जरूरत पड़ने पर गलत सूचनाओं का खंडन भी किया जाएगा।

इसके अलावा एनसीसी, एनएसएस, नेहरू युवा केंद्र, भारत स्काउट्स एंड गाइड्स सहित अन्य स्वयंसेवी एवं युवा संगठनों के प्रशिक्षित सदस्य बचाव कार्य, सुरक्षित निकासी, प्राथमिक सहायता और नागरिकों को सहयोग प्रदान करने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

बैठक में उप विकास आयुक्त सतीश चंद्रा, अपर समाहर्ता विजय कुमार, परियोजना निदेशक आईटीडीए संजय कुमार दास सहित विभिन्न जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे। जिला प्रशासन का उद्देश्य इस अभ्यास के माध्यम से आपातकालीन परिस्थितियों में बेहतर तैयारी, त्वरित कार्रवाई और विभागों के बीच प्रभावी समन्वय सुनिश्चित करना है।