21 Nov 2026
Current Khabar
Current Khabar
झारखंड की आवाज़

साहिबगंज में ग्रामीण विकास योजनाओं की समीक्षा, उपायुक्त ने अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश

प्रिंस मिश्रा
प्रिंस मिश्रा reporter
📅 20 Nov 2026, 09:55 PM IST
👁 10 views
WhatsApp Facebook
साहिबगंज में ग्रामीण विकास योजनाओं की समीक्षा, उपायुक्त ने अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश
साहिबगंज: जिले में ग्रामीण विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने को लेकर उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी दीपक कुमार दूबे ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। शुक्रवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में उनकी अध्यक्षता में जिला ग्रामीण विकास शाखा के कार्यों एवं विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य रूप से प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) और VB-G RAM G (विकसित भारत–गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन-ग्रामीण) योजना के तहत संचालित कार्यों की समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान उपायुक्त ने दोनों योजनाओं की अद्यतन प्रगति की जानकारी संबंधित पदाधिकारियों से ली। उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही समस्याओं, कार्यों की स्थिति तथा निर्धारित लक्ष्यों की उपलब्धि को लेकर अधिकारियों से विस्तारपूर्वक चर्चा की। साथ ही योजनाओं के कार्यान्वयन में तेजी लाने और लाभुकों को समय पर लाभ उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक निर्देश दिए।

समय-सीमा के भीतर आवास निर्माण पूरा कराने पर जोर

प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने स्वीकृत आवासों के निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि योजना के तहत स्वीकृत सभी आवासों का निर्माण निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा कराया जाए। इसके लिए संबंधित अधिकारी नियमित रूप से निर्माण कार्यों की निगरानी करें और लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराएं। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि योजना के सभी पात्र लाभुकों को इसका लाभ मिले तथा किसी भी योग्य व्यक्ति को अनावश्यक रूप से परेशानी का सामना न करना पड़े।

VB-G RAM G योजना के प्रभावी क्रियान्वयन का निर्देश

वहीं, VB-G RAM G योजना की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने इसके तहत संचालित कार्यों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने योजना का प्रभावी ढंग से क्रियान्वयन सुनिश्चित करने, कार्यों की नियमित निगरानी करने और निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि योजनाओं के कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए और प्रगति की नियमित समीक्षा की जाए।

उपायुक्त ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के विकास और जरूरतमंद लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने में संबंधित विभागों की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसलिए सभी पदाधिकारी पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने योजनाओं के नियमित अनुश्रवण, कार्यों की गुणवत्ता तथा पात्र लाभुकों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया।

बैठक में उप विकास आयुक्त सतीश चंद्रा सहित जिला ग्रामीण विकास शाखा के अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।