23 Nov 2026
Current Khabar
Current Khabar
झारखंड की आवाज़

साहिबगंज में जनजातीय खेल प्रतिभाओं का दिखा दम, विजेता टीमों का दुमका में होगा मुकाबला

प्रिंस मिश्रा
प्रिंस मिश्रा reporter
📅 22 Nov 2026, 09:44 AM IST
👁 12 views
WhatsApp Facebook
साहिबगंज में जनजातीय खेल प्रतिभाओं का दिखा दम, विजेता टीमों का दुमका में होगा मुकाबला
साहिबगंज:

झारखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर जिला खेल कार्यालय, साहिबगंज की ओर से आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय भगवान बिरसा मुंडा लोकप्रिय ग्रामीण एवं स्वदेशी जनजातीय खेल प्रतियोगिता का समापन शनिवार देर रात सिद्धो-कान्हू स्टेडियम में हुआ। दूधिया रोशनी से जगमगाते स्टेडियम में आयोजित प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने विभिन्न खेलों में शानदार प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। प्रतियोगिता का मुख्य आकर्षण पुरुष फुटबॉल का फाइनल मुकाबला रहा, जिसमें एफसी पहाड़िया की टीम ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए बिरसा वॉरियर्स को 1-0 से पराजित कर खिताब अपने नाम कर लिया।
पुरुष फुटबॉल वर्ग के फाइनल मुकाबले में दोनों टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। खिलाड़ियों ने गोल करने के लिए लगातार प्रयास किए, लेकिन एफसी पहाड़िया की टीम ने बेहतर तालमेल और खेल कौशल का परिचय देते हुए निर्णायक बढ़त हासिल की। अंततः एक गोल की बढ़त बरकरार रखते हुए एफसी पहाड़िया ने विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया। एफसी पहाड़िया की टीम आदिम जनजाति समुदाय का प्रतिनिधित्व कर रही थी।
प्रतियोगिता के दौरान एक और खास आकर्षण आवासीय बालक फुटबॉल प्रशिक्षण केंद्र, साहिबगंज के 11 वर्षीय प्रशिक्षु सिंगराई मरांडी रहे। उन्होंने अपनी मधुर संथाली भाषा में फुटबॉल मैच की कमेंट्री कर दर्शकों का मन मोह लिया। कम उम्र में खेल की बारीकियों को समझते हुए संथाली भाषा में प्रभावशाली कमेंट्री करना दर्शकों के लिए खास अनुभव रहा। उनकी प्रतिभा और आत्मविश्वास की उपस्थित लोगों ने सराहना की।
प्रतियोगिता के समापन के बाद जिला स्तर पर चयनित खिलाड़ियों की टीमें प्रमंडल स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए दुमका रवाना हुईं। वॉलीबॉल, गेड़ी दौड़ (बालक), फुटबॉल, तीरंदाजी, भारा दौड़, घड़ा दौड़ और गुलेल प्रतियोगिताओं के लिए बालक एवं बालिका वर्ग के चयनित प्रतिभागी जिला टीम का हिस्सा बने हैं। ये खिलाड़ी जिला खेल समन्वयक कौशल किशोर मरांडी के नेतृत्व में 21 नवंबर को आयोजित प्रमंडल स्तरीय प्रतियोगिता में साहिबगंज का प्रतिनिधित्व करने के लिए दुमका रवाना हुए।
इस प्रतियोगिता के आयोजन में खेल प्रशिक्षक योगेश यादव, खेल समन्वयक कौशल किशोर मरांडी, अशोक साहनी, टूरिज्म स्पेशलिस्ट गौरव प्रियदर्शी सहित अन्य लोगों का सराहनीय योगदान रहा। आयोजन के माध्यम से जिले के ग्रामीण एवं जनजातीय क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के साथ-साथ पारंपरिक स्वदेशी खेलों को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया गया।