10 Nov 2026
Current Khabar
Current Khabar
झारखंड की आवाज़

तलबन्ना में खूनी झड़प: किराना दुकान के विवाद में मां-बेटे पर चाकू से हमला, बेटा रेफर

प्रिंस मिश्रा
प्रिंस मिश्रा reporter
📅 07 Nov 2026, 07:52 AM IST
👁 18 views
WhatsApp Facebook
तलबन्ना में खूनी झड़प: किराना दुकान के विवाद में मां-बेटे पर चाकू से हमला, बेटा रेफर
साहिबगंज:

नगर थाना क्षेत्र के तलबन्ना में किराना दुकान से सामान लेने और पैसे मांगने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। इस दौरान एक पक्ष के लोगों पर मां-बेटे पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर गंभीर रूप से घायल करने का आरोप लगा है। घटना में तलबन्ना निवासी सच्चिदानंद चौरसिया की पत्नी किरण देवी (52) और उनके पुत्र शिवम कुमार चौरसिया (23) घायल हो गए। स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से दोनों को आनन-फानन में सदर अस्पताल पहुंचाया गया। यहां इमरजेंसी ड्यूटी में तैनात चिकित्सक डॉ. कुमार अंकित ने उनका प्राथमिक उपचार किया। शिवम की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया, जबकि उसकी मां का इलाज सदर अस्पताल में जारी है।
घायल किरण देवी ने बताया कि तलबन्ना दुर्गा मंदिर के समीप उनकी किराना दुकान है, जिसका संचालन उनके देवर मनोहर लाल चौरसिया करते हैं। आरोप है कि इसी दौरान मोहल्ले का रहने वाला भोला यादव का पुत्र चपरा यादव दुकान पर पहुंचा और जबरन सामान लेने लगा। दुकानदार द्वारा सामान के पैसे मांगने पर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया। किरण देवी के अनुसार, पहले उनके देवर मनोहर लाल चौरसिया के साथ मारपीट की गई। इसके बाद शोभापुर भट्ठा से करीब 8 से 10 लोगों को बुलाया गया, जिन्होंने मौके पर पहुंचकर लोहे की रॉड से हमला कर दिया।
किरण देवी ने बताया कि झगड़े और मारपीट की आवाज सुनकर जब वह अपने बेटे शिवम के साथ मौके पर पहुंचीं तो आरोपियों ने उन दोनों को भी निशाना बना लिया। आरोप है कि हमलावरों ने चाकू निकालकर मां-बेटे पर लगातार वार किए। इस हमले में शिवम के गले और कान के ऊपर चाकू से गंभीर चोटें आईं, जबकि किरण देवी के सिर पर वार किया गया। घायल महिला का आरोप है कि हमलावरों के साथ कुछ लोग हथियार लेकर भी पहुंचे थे और जान से मारने की नीयत से उन पर हमला किया। किसी तरह मां-बेटे ने घर के अंदर घुसकर अपनी जान बचाई।

बेटे की गंभीर हालत देख चिकित्सक ने किया रेफर

घटना के बाद दोनों घायलों को सदर अस्पताल लाया गया। इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. कुमार अंकित ने बताया कि शिवम चौरसिया के गले और कान के ऊपर चाकू से हमले के गंभीर निशान पाए गए हैं। वहीं, उसकी मां किरण देवी के सिर पर भी गंभीर चोटें आई हैं। शिवम की बिगड़ती हालत को देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए तत्काल हायर सेंटर रेफर किया गया।

नगर थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग

घटना के बाद घायल किरण देवी ने नगर थाना पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ आवेदन देने और उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग करने की बात कही है। घटना को लेकर इलाके में चर्चा का माहौल है। अब मामले में पुलिस की कार्रवाई और पूरे घटनाक्रम की जांच पर सबकी नजरें टिकी हैं।