10 Nov 2026
Current Khabar
Current Khabar
झारखंड की आवाज़

दूलमपुर में टोटो ने बुजुर्ग को मारी टक्कर, अस्पताल पहुंचने से पहले मौत

प्रिंस मिश्रा
प्रिंस मिश्रा reporter
📅 10 Nov 2026, 02:55 PM IST
👁 11 views
WhatsApp Facebook
दूलमपुर में टोटो ने बुजुर्ग को मारी टक्कर, अस्पताल पहुंचने से पहले मौत
बरहरवा:

साहिबगंज जिले के बरहरवा थाना क्षेत्र में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बरहरवा-पाकुड़ मुख्य सड़क पर दूलमपुर स्थित टीवीएस शोरूम के समीप हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 69 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। मृतक की पहचान बरहरवा थाना क्षेत्र के नया टोला गांव निवासी निर्मल कुमार महतो, पिता स्वर्गीय महेंद्र महतो के रूप में हुई है। हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है, वहीं गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, निर्मल कुमार महतो दूलमपुर की ओर से बरहरवा आ रहे थे। इसी दौरान दूलमपुर स्थित टीवीएस शोरूम के समीप पीछे से तेज गति से आ रहे एक टोटो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वे सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल बुजुर्ग को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन दुर्भाग्यवश अस्पताल पहुंचने से पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। बुजुर्ग की मौत की सूचना मिलते ही परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
इस दर्दनाक घटना से नया टोला गांव सहित आसपास के इलाके में मातम पसरा हुआ है। स्थानीय लोगों ने मुख्य सड़क पर वाहनों की आवाजाही के दौरान सावधानी बरतने और तेज रफ्तार पर नियंत्रण रखने की आवश्यकता जताई है। बुजुर्ग की असामयिक मौत से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।