06 Nov 2026
Current Khabar
Current Khabar
झारखंड की आवाज़

दीपावली, काली पूजा और छठ को लेकर शांति समिति की बैठक, थाना प्रभारी ने दिए सौहार्दपूर्ण माहौल में पर्व मनाने के निर्देश

प्रिंस मिश्रा
प्रिंस मिश्रा reporter
📅 05 Nov 2026, 10:03 PM IST
👁 19 views
WhatsApp Facebook
दीपावली, काली पूजा और छठ को लेकर शांति समिति की बैठक, थाना प्रभारी ने दिए सौहार्दपूर्ण माहौल में पर्व मनाने के निर्देश
साहिबगंज
पतना,

आगामी दीपावली, काली पूजा एवं छठ महापर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर गुरुवार, 5 नवंबर 2026 को शाम चार बजे रांगा थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी अखिलेश यादव ने की। इसमें क्षेत्र के प्रमुख जनप्रतिनिधियों, विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं तथा काली पूजा समितियों के अध्यक्ष, सचिव एवं सदस्यों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान आगामी त्योहारों को आपसी भाईचारे, शांति और सद्भाव के साथ मनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। थाना प्रभारी अखिलेश यादव ने उपस्थित लोगों को दीपावली, काली पूजा एवं छठ महापर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि त्योहार हमारी सामाजिक एकता, सांस्कृतिक परंपरा और आपसी सौहार्द के प्रतीक हैं। ऐसे अवसरों पर सभी लोगों की जिम्मेदारी है कि वे आपसी सहयोग और भाईचारे के साथ पर्व मनाएं।
उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी पूजा समितियों एवं आम नागरिकों को सरकार और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करना चाहिए। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।
थाना प्रभारी ने पूजा समितियों के सदस्यों एवं जनप्रतिनिधियों से त्योहारों के दौरान विशेष सतर्कता बरतने तथा किसी भी समस्या या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी समुदायों के लोग एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करते हुए पर्व मनाएं, ताकि क्षेत्र में शांति और सामाजिक सौहार्द कायम रहे।
बैठक में गुरु हेंब्रम, शाहबाज अंसारी, जितेंद्र यादव, अनूप शाह, नीलकंठ साहा, विष्णु साहा, इस्माइल शेख, राहुल दे, मछुवा हेंब्रम, महेश साहा एवं मो. अकबर सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।