बिहार के नवादा में लगातार छापेमारी के बाद गिरिडीह पहुंचा था आरोपी, गुप्त सूचना पर पुलिस ने महाराजा होटल से दबोचा।
गिरिडीह :धनवार थाना क्षेत्र में हुए हैदर अली हत्याकांड के मामले में गिरिडीह पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। हत्या के बाद फरार चल रहे मामले के प्राथमिक अभियुक्त को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी बिहार के नवादा में छिपा हुआ था, लेकिन पुलिस की लगातार दबिश के कारण वह वहां से भागकर वापस गिरिडीह पहुंच गया और धनवार थाना क्षेत्र के डोमायडीह स्थित महाराजा होटल में छिप गया। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर उसे गिरफ्तार पुलिस अधीक्षक गिरिडीह को 8 नवंबर 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि 5 नवंबर 2026 को धनवार थाना क्षेत्र में हैदर अली की मारपीट करने के बाद गला दबाकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में धनवार थाना कांड संख्या 287/26 दर्ज किया गया है। कांड का प्राथमिक अभियुक्त मो. सनाउल्लाह अंसारी (26 वर्ष), पिता अब्दुल रहीम, निवासी खोरीमहुआ, थाना धनवार, जिला गिरिडीह घटना के बाद से फरार होकर बिहार के नवादा में रह रहा था।
सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक विशेष टीम गठित कर नवादा (बिहार) भेजी। पुलिस टीम ने नवादा में अभियुक्त के छिपने के संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की। पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए आरोपी नवादा से भागकर पुनः गिरिडीह जिले के धनवार थाना क्षेत्र पहुंच गया और ग्राम डोमायडीह स्थित महाराजा होटल में छिप गया। इसके बाद गठित पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महाराजा होटल में छापेमारी की और हत्या के आरोपी मो. सनाउल्लाह अंसारी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसे विधिवत हिरासत में ले लिया है।छापेमारी टीम में ये थे शामिल इस कार्रवाई में धनवार थाना प्रभारी पुलिस अवर निरीक्षक ब्रजेश कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक गोविंद साव, पुलिस अवर निरीक्षक विकास कुमार यादव, सहायक अवर निरीक्षक प्रवीण कुमार तथा धनवार थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। हैदर अली हत्याकांड में आरोपी की गिरफ्तारी को पुलिस की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
धनवार में हैदर अली हत्याकांड का मुख्य आरोपी नवादा से भागकर डोमायडीह के होटल में छिपा, पुलिस ने किया गिरफ्तार।