वरदबटिया में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, पिस्तौल और अपाचे बाइक बरामद।
गिरिडीह :जमुआ थाना क्षेत्र के वरदबटिया में गुरुवार को पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पिस्तौल और अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस की इस कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद संदिग्ध अपराधी भागने में सफल रहे। इसके बाद पुलिस ने उनकी गिरफ्तारी के लिए आसपास के इलाकों में व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया। घंटों तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद पुलिस को बंशीडीह में सफलता हाथ लगी, जहां एक आरोपी को धान के खेत से गिरफ्तार कर लिया गया।बताया जाता है कि वरदबटिया में पुलिस की कार्रवाई के दौरान संदिग्धों के फरार होने के बाद पूरे इलाके में पुलिस की सक्रियता बढ़ा दी गई। अपराधियों के संभावित ठिकानों और भागने के रास्तों पर निगरानी रखते हुए पुलिस की अलग-अलग टीमों ने सघन तलाशी अभियान चलाया। इसी दौरान बंशीडीह में पुलिस जवानों ने एक आरोपी को धान के खेत में छिपा हुआ पकड़ा। इस संयुक्त अभियान में खोरीमहुआ एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार, सदर एसडीपीओ तथा जमुआ इंस्पेक्टर प्रदीप दास की अहम भूमिका रही। इनके नेतृत्व और मार्गदर्शन में कई थानों की पुलिस को अभियान में लगाया गया था। कार्रवाई में जमुआ थाना प्रभारी विभूति देव, धनवार थाना प्रभारी बृजेश कुमार, हीरोडीह थाना प्रभारी महेश चंद्र और घोरथंबा थाना प्रभारी धर्मेंद्र अग्रवाल सहित विभिन्न थानों के पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल रहे। पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया। एक ओर जहां पिस्तौल और अपाचे मोटरसाइकिल की बरामदगी को महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है, वहीं एक आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अन्य संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई है। कई सवालों के जवाब का इंतजार: खबर लिखे जाने तक पुलिस का छापेमारी अभियान जारी था। हालांकि, बरामद पिस्तौल और मोटरसाइकिल का इस्तेमाल किस वारदात में किया जाना था, गिरोह में कितने लोग शामिल थे और गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ में क्या खुलासे हुए हैं, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई थी। पुलिस के विस्तृत खुलासे के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।