गिरिडीह :दीपावली का पर्व केवल दीप जलाने और खुशियां मनाने का ही नहीं, बल्कि समाज के जरूरतमंद एवं उपेक्षित लोगों के जीवन में खुशियों का उजाला फैलाने का भी संदेश देता है। इसी भावना को आत्मसात करते हुए राष्ट्रीय बेरोजगार मोर्चा की ओर से गिरिडीह स्थित स्नेहदीप वृद्ध आश्रम में बुजुर्गों के बीच दीपावली का त्योहार मनाया गया। इस अवसर पर आश्रम में रह रहे बुजुर्गों के बीच मिठाइयां वितरित की गईं और उन्हें अपने हाथों से मिठाई खिलाकर त्योहार की खुशियां साझा की गईं। साथ ही बुजुर्गों से आशीर्वाद भी प्राप्त किया गया। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय बेरोजगार मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने कहा कि समाज में कई ऐसे बुजुर्ग हैं, जो विभिन्न परिस्थितियों एवं पारिवारिक कारणों से अपनों से दूर होकर वृद्ध आश्रम में जीवन बिताने को विवश हैं। ऐसे लोगों के जीवन में अपनापन, सम्मान और खुशियां बनाए रखना हम सभी की सामाजिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य समाज में व्याप्त कुरीतियों को दूर करने के साथ-साथ उन लोगों के बीच खुशियां बांटना है, जो किसी कारणवश अपने परिवार से बिछड़ गए हैं या जिन्हें सामाजिक सहयोग की आवश्यकता है। डॉ. वर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय बेरोजगार मोर्चा की ओर से समय-समय पर सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्य किए जाते रहे हैं। विशेष रूप से त्योहारों के अवसर पर वृद्धजनों के बीच पहुंचकर उनके साथ समय बिताने, खानपान की व्यवस्था करने तथा जरूरत के अनुसार चिकित्सा सेवाओं के माध्यम से सहयोग प्रदान करने का प्रयास किया जाता है। इसी कड़ी में दीपावली के शुभ अवसर पर स्नेहदीप वृद्ध आश्रम पहुंचकर बुजुर्गों के साथ त्योहार मनाया गया।
उन्होंने कहा कि बुजुर्गों के चेहरे पर खुशी और उनके आशीर्वाद से जो संतुष्टि मिलती है, वह किसी भी बड़ी उपलब्धि से कम नहीं है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी राष्ट्रीय बेरोजगार मोर्चा की ओर से ऐसे सामाजिक एवं जनकल्याणकारी कार्य यथासंभव जारी रहेंगे। इस अवसर पर अखिलेश तिवारी सहित राष्ट्रीय बेरोजगार मोर्चा के कई सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने बुजुर्गों के साथ दीपावली की खुशियां साझा करते हुए समाज में सेवा, सहयोग, संवेदना और मानवीय रिश्तों को मजबूत बनाने का संदेश दिया।
वृद्ध आश्रम में बुजुर्गों के साथ राष्ट्रीय बेरोजगार मोर्चा ने मनाई दीपावली, मिठाई खिलाकर लिया आशीर्वाद।