गणित पत्र प्रस्तुतीकरण प्रतियोगिता में हासिल किया द्वितीय स्थान, विद्यालय परिवार में खुशी की लहर।
गिरिडीह: जिले के लिए गौरव का क्षण है। सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, बरगंडा के मेधावी छात्र भैया अनमोल मिश्र ने अखिल भारतीय गणित मेला-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त कर गिरिडीह का नाम रोशन किया है। विद्या भारती की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता का आयोजन 21 से 24 नवंबर तक राजकमल सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, धनबाद में किया गया। प्रतियोगिता में देशभर से आए प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इसी क्रम में सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, बरगंडा के छात्र अनमोल मिश्र ने बाल वर्ग की गणित पत्र प्रस्तुतीकरण प्रतियोगिता में भाग लिया। उन्होंने 'अंकगणित एवं ज्यामिति के क्षेत्र में भारत का योगदान तथा विभिन्न क्षेत्रों में उनके उपयोग' विषय पर प्रभावशाली पत्रवाचन कर निर्णायकों को प्रभावित किया और अखिल भारतीय स्तर पर द्वितीय स्थान हासिल किया।अनमोल की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में हर्ष और उत्साह का माहौल है। विद्यालय के आचार्यों एवं शिक्षकों ने इसे छात्र की मेहनत, लगन और मार्गदर्शन का परिणाम बताते हुए बधाई दी। उनकी इस सफलता से न केवल विद्यालय, बल्कि पूरा गिरिडीह जिला गौरवान्वित हुआ है।
अखिल भारतीय गणित मेले में गिरिडीह के अनमोल मिश्र ने लहराया परचम।