अवैध खनन एवं खनिजों के अवैध परिवहन पर प्रशासन सख्त, संयुक्त अभियान चलाकर होगी कड़ी कार्रवाई
◼️ *उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक की संयुक्त अध्यक्षता में जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की बैठक संपन्न।*
◼️ *अवैध खनन, खनिजों के अवैध परिवहन एवं भंडारण पर प्रभावी रोक लगाने के लिए नियमित जांच एवं निगरानी के निर्देश।*
==============
आज दिनांक 26/11/2026 को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त, गोड्डा श्री लोकेश मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक, गोड्डा श्री मुकेश कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में अवैध खनन एवं अवैध खनिज परिवहन तथा व्यापार की रोकथाम हेतु जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में अवैध खनन, खनिजों के अवैध परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध अब तक की गई कार्रवाई की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को जिले में अवैध खनन की गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए नियमित रूप से जांच एवं छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि खनिज संपदा के अवैध दोहन एवं इसके अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
◼️ *अवैध खनन एवं परिवहन पर संयुक्त कार्रवाई के निर्देश*
उपायुक्त ने खनन विभाग, परिवहन विभाग एवं पुलिस प्रशासन को आपसी समन्वय स्थापित कर संयुक्त जांच अभियान संचालित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जिले के संवेदनशील क्षेत्रों, प्रमुख मार्गों एवं खनिज परिवहन वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाए, ताकि अवैध खनन एवं खनिजों के अनधिकृत परिवहन पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
◼️ *अवैध भंडारण एवं व्यापार पर भी रहेगी नजर*
बैठक में खनिजों के अवैध भंडारण एवं व्यापार की रोकथाम को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को संदिग्ध स्थलों की नियमित जांच करने तथा बिना वैध दस्तावेजों के खनिजों का भंडारण एवं कारोबार करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा।
◼️ *पुलिस एवं प्रशासन के समन्वय से चलेगा अभियान*
पुलिस अधीक्षक, गोड्डा श्री मुकेश कुमार ने अवैध खनन एवं खनिजों के अवैध परिवहन पर रोक लगाने के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से आवश्यक सहयोग एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही। उन्होंने संबंधित थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने तथा अवैध गतिविधियों की सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि अवैध खनन एवं खनिजों के अवैध कारोबार के विरुद्ध नियमित अभियान चलाते हुए की गई कार्रवाई की समीक्षा एवं प्रतिवेदन समय-समय पर उपलब्ध कराएं।
बैठक में स्पष्ट किया गया कि जिले में खनिज संपदा के संरक्षण, राजस्व हितों की सुरक्षा तथा अवैध खनन पर पूर्ण प्रभावी नियंत्रण के लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन समन्वित रूप से कार्रवाई जारी रखेंगे
अवैध खनन एवं खनिजों के अवैध परिवहन पर प्रशासन सख्त, संयुक्त अभियान चलाकर होगी कड़ी कार्रवाई