बरहेट:
लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ को लेकर बरहेट प्रखंड क्षेत्र में तैयारियां अंतिम रूप ले चुकी हैं। पर्व के दौरान छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए बरहेट बाजार स्थित गुमानी नदी तट पर छठ घाट की साफ-सफाई सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। घाट पर व्रतियों की सुविधा, सुरक्षा और सुचारु आवागमन को ध्यान में रखते हुए प्रशासन एवं छठ पूजा समिति की ओर से विशेष तैयारी की गई है।
इसी क्रम में शनिवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) अंशु कुमार पांडेय, थाना प्रभारी चंदन कुमार भैया तथा झामुमो प्रखंड अध्यक्ष सह प्रखंड प्रमुख बर्नार्ड मरांडी ने गुमानी नदी स्थित छठ घाट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाट पर की गई तैयारियों का जायजा लिया और छठ पूजा समिति के सदस्यों से व्यवस्थाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने छठ पूजा समिति के सदस्यों के साथ बातचीत कर घाट पर की गई व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने नदी तट की साफ-सफाई, घाट के समतलीकरण तथा छठ व्रतियों के लिए अर्घ्य देने हेतु उपलब्ध स्थान का बारीकी से निरीक्षण किया। समिति के सदस्यों ने भी पर्व को लेकर अब तक की गई तैयारियों से अधिकारियों को अवगत कराया।
इस अवसर पर बीडीओ अंशु कुमार पांडेय ने बताया कि छठ महापर्व के मद्देनजर गुमानी नदी स्थित छठ घाट की पूरी तरह साफ-सफाई कराई गई है। साथ ही घाट का समतलीकरण भी कराया गया है, ताकि व्रतियों को नदी तट तक पहुंचने और भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व के दौरान घाट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है। ऐसे में सभी आवश्यक सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए तैयारियां पूरी की गई हैं।
बीडीओ ने कहा कि छठ महापर्व को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से लगातार व्यवस्थाओं पर नजर रखी जा रही है। वहीं, थाना प्रभारी चंदन कुमार भैया ने भी घाट का निरीक्षण कर पूजा समिति के सदस्यों से बातचीत की। उन्होंने पर्व के दौरान व्यवस्था बनाए रखने और श्रद्धालुओं की सुविधा का ध्यान रखने के संबंध में जानकारी ली।
इधर, छठ पूजा समिति के सदस्य भी महापर्व को लेकर सक्रिय हैं और आयोजन को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने की तैयारियों में जुटे हुए हैं। प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और पूजा समिति के आपसी समन्वय से गुमानी नदी घाट पर छठ पूजा की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया है।
निरीक्षण के दौरान रूपक साह, पप्पू भगत सहित छठ पूजा समिति के अन्य सदस्य उपस्थित थे।
बरहेट में छठ पूजा की तैयारी पूरी, बीडीओ और थाना प्रभारी ने किया घाट का निरीक्षण