साहिबगंज/ पतना:
लोक आस्था, सूर्य उपासना और शुद्धता के महापर्व छठ को लेकर साहिबगंज जिले के पतना प्रखंड क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना हुआ है। चार दिवसीय छठ महापर्व के दूसरे दिन शनिवार को व्रती महिलाओं ने पूरी श्रद्धा, निष्ठा और पारंपरिक विधि-विधान के साथ खरना पूजा संपन्न की। खरना को लेकर सुबह से ही घरों में साफ-सफाई और पूजा की तैयारियां शुरू हो गई थीं। दिनभर उपवास रखने के बाद शाम को व्रतियों ने स्नान कर पवित्रता के साथ खरना की पूजा-अर्चना की।
इस अवसर पर घरों में पारंपरिक तरीके से गुड़ की खीर, अरवा चावल और गेहूं के आटे की रोटी का प्रसाद तैयार किया गया। पूजा के दौरान छठी मैया और भगवान सूर्य की आराधना कर परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की गई। पूजा संपन्न होने के बाद व्रती महिलाओं ने खरना का प्रसाद ग्रहण किया और परिवार के सदस्यों तथा श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरित किया। क्षेत्र के कुछ श्रद्धालु खरना का प्रसाद लेकर छठ घाटों पर भी पहुंचे, जहां पूजा-अर्चना कर भोग अर्पित किया गया।
खरना पूजा के साथ ही छठ व्रत का सबसे कठिन चरण शुरू हो गया। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार खरना के बाद व्रती महिलाएं और पुरुष करीब 36 घंटे तक निर्जला उपवास रखते हैं। इस दौरान अन्न और जल का सेवन नहीं किया जाता। व्रती पूरी श्रद्धा और संयम के साथ भगवान भास्कर तथा छठी मैया की उपासना करते हैं।
*रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य को दिया जाएगा पहला अर्घ्य*
छठ महापर्व के तीसरे दिन रविवार को व्रती महिलाएं और पुरुष विभिन्न छठ घाटों पर पहुंचकर अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित करेंगे। इसके लिए घाटों पर पहुंचकर पारंपरिक रूप से सूप और दउरा में फल, ठेकुआ, नारियल सहित विभिन्न पूजन सामग्री सजाई जाएगी। श्रद्धालु डूबते सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की कामना करेंगे।
वहीं, महापर्व के चौथे और अंतिम दिन सोमवार की सुबह उदीयमान भगवान सूर्य को दूसरा अर्घ्य अर्पित किया जाएगा। इसके साथ ही चार दिवसीय छठ महापर्व का विधिवत समापन होगा और व्रती महिलाएं पारण कर अपना 36 घंटे का कठिन निर्जला व्रत पूर्ण करेंगी।
छठ पर्व को लेकर पतना क्षेत्र में श्रद्धा और उत्साह का माहौल है। लोक आस्था से जुड़े इस महापर्व में व्रतियों की अटूट श्रद्धा, पारिवारिक सहभागिता और पारंपरिक रीति-रिवाजों की झलक देखने को मिल रही है।
पतना में छठ की धूम: खरना पूजा के साथ शुरू हुआ 36 घंटे का निर्जला व्रत