10 Nov 2026
Current Khabar
Current Khabar
झारखंड की आवाज़

राजमहल में छठ पूजा की तैयारियां तेज, घाटों की व्यवस्था का विधायक ने लिया जायजा

प्रिंस मिश्रा
प्रिंस मिश्रा reporter
📅 10 Nov 2026, 03:02 PM IST
👁 11 views
WhatsApp Facebook
राजमहल में छठ पूजा की तैयारियां तेज, घाटों की व्यवस्था का विधायक ने लिया जायजा
राजमहल:

लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने को लेकर राजमहल विधानसभा क्षेत्र में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में राजमहल के विधायक मो. ताजउद्दीन उर्फ एमटी राजा ने क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को छठ पूजा से पहले सभी आवश्यक तैयारियां पूरी करने तथा व्रतियों और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने विभिन्न छठ घाटों की वर्तमान स्थिति का जायजा लेते हुए साफ-सफाई, घाटों की मरम्मत, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा, बैरिकेडिंग, पहुंच मार्ग तथा श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि छठ पूजा से पहले सभी घाटों की समुचित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। जिन घाटों पर मरम्मत की आवश्यकता है, वहां समय रहते आवश्यक कार्य पूरा कराया जाए। साथ ही घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों को दुरुस्त करने और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने पर भी विशेष ध्यान दिया जाए।
विधायक एमटी राजा ने कहा कि छठ महापर्व आस्था, पवित्रता और लोक विश्वास का महान पर्व है। राजमहल क्षेत्र में भी इस पर्व को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह रहता है। अस्ताचलगामी एवं उदयीमान भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के लिए विभिन्न छठ घाटों पर बड़ी संख्या में व्रती एवं श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में घाटों पर साफ-सफाई के साथ-साथ सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए आवश्यक स्थानों पर बैरिकेडिंग की जाए, ताकि भीड़ को नियंत्रित करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। घाटों पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जाएं। विशेष रूप से महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों की सुविधाओं एवं सुरक्षा का ध्यान रखा जाए। इसके अलावा पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और आवागमन की सुविधाओं को भी दुरुस्त रखने का निर्देश दिया गया।
विधायक ने प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और नगर पंचायत के कर्मियों से आपसी समन्वय बनाकर कार्य करने की अपील करते हुए कहा कि पर्व शुरू होने से पहले सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं। छठ व्रतियों को अर्घ्य देने के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए हर स्तर पर सतर्कता बरती जाए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि छठ पूजा के दौरान नगर क्षेत्र के सभी घाटों पर साफ-सफाई, पेयजल, रोशनी और सुरक्षा की समुचित व्यवस्था को प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि श्रद्धालु पूरी श्रद्धा, उत्साह और शांतिपूर्ण माहौल में भगवान सूर्य की उपासना कर सकें।
निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी सदानंद महतो, विधायक प्रतिनिधि सह नगर पंचायत उपाध्यक्ष मोहम्मद मारूफ उर्फ गुड्डू, किशन बर्मन, झामुमो नगर अध्यक्ष मो. आजाद, जितेश कुमार चौधरी, नगर सचिव स्मित चौरसिया, विजय यादव, राजीव बर्मन सहित नगर के कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।