25 Nov 2026
Current Khabar
Current Khabar
झारखंड की आवाज़

बड़कागांव के तीन पथों पर भारी माल वाहक वाहनों का नो एंट्री शुरू

Nilkant Arya
Nilkant Arya reporter
📅 26 Oct 2026, 09:59 PM IST
👁 175 views
WhatsApp Facebook
बड़कागांव के तीन पथों पर भारी माल वाहक वाहनों का नो एंट्री शुरू
हजारीबाग, 26 अक्टूबर 2026: बड़कागांव अंचल के तीन महत्वपूर्ण पथों पर सुबह 6:00 बजे से रात 9:00 बजे तक भारी माल वाहक वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है। अनुमंडल पदाधिकारी कार्यालय हजारीबाग द्वारा पत्रांक 1262 दिनांक 26 अक्टूबर 2026 को जारी आदेश के अनुसार यह व्यवस्था तुरंत प्रभाव से लागू हो गई है।

प्रतिबंधित स्थल हैं— हजारीबाग रोड का 14 माइल, टंडवा रोड स्थित राजाबागी तथा उरीमारी रोड के तलसवार लंबकी टांड के पास। इन तीनों स्थानों से बड़कागांव की ओर भारी माल वाहक वाहनों का प्रवेश सुबह 6 बजे से रात 9 बजे तक वर्जित रहेगा।

यह निर्णय बड़कागांव अंचल कार्यालय के पत्रांक 1041 दिनांक 26 अक्टूबर 2026 के आलोक में बड़कागांव थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह एवं अंचल अधिकारी मनोज कुमार की संयुक्त प्रस्ताव के अनुशंसा पर लिया गया है। अनुमंडल पदाधिकारी ने बड़कागांव थाना प्रभारी को सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया है। साथ ही हजारीबाग पुलिस अधीक्षक से इन तीनों स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने का अनुरोध किया गया है।

आदेश की प्रतिलिपि उपायुक्त, नगर आयुक्त, जिला परिवहन पदाधिकारी, पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी हजारीबाग एवं बड़कागांव, अंचलाधिकारी बड़कागांव एवं केरेडारी, सभी कोल कंपनियां, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, संबंधित थाना प्रभारी तथा यातायात थाना प्रभारी हजारीबाग को भेजी गई है।

अधिकारियों का कहना है कि इस व्यवस्था का उद्देश्य सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना और क्षेत्र में यातायात सुचारू बनाए रखना है। स्थानीय प्रशासन ने सभी संबंधित पक्षों से आदेश का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने की अपील की है।