6 भारी वाहन जब्त, निमियाघाट, मधुबन और बगोदर थाना क्षेत्र में चला विशेष जांच अभियान।
गिरिडीह :जिले में ओवरलोडेड भारी वाहनों के परिचालन पर रोक लगाने को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देश पर जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार के नेतृत्व में चलाए गए विशेष जांच अभियान में कुल 8 भारी मालवाहक वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। इस दौरान 6 वाहनों को जब्त कर संबंधित थानों में रखा गया, जबकि दो अन्य वाहनों पर ऑनलाइन चालान जारी करते हुए कुल 1 लाख 90 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। प्रशासन की ओर से चलाए गए इस अभियान के दौरान निमियाघाट थाना क्षेत्र से 2, मधुबन थाना क्षेत्र से 3 तथा बगोदर थाना क्षेत्र से 1 भारी वाहन जब्त किया गया। अचानक हुई इस कार्रवाई से ओवरलोडिंग कर माल ढुलाई करने वाले वाहन संचालकों में हड़कंप मच गया। जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार ने स्पष्ट कहा कि निर्धारित भार क्षमता से अधिक माल लेकर चलने वाले वाहनों के खिलाफ किसी भी तरह की रियायत नहीं दी जाएगी। ओवरलोडिंग से न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन होता है, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ जाती है और सड़कों को भी भारी नुकसान पहुंचता है।उन्होंने वाहन मालिकों एवं चालकों को निर्धारित भार क्षमता और परिवहन नियमों का पालन करने की हिदायत दी। साथ ही कहा कि उपायुक्त के निर्देशानुसार जिले में ओवरलोडेड वाहनों के खिलाफ जांच अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों की अनदेखी करने वालों पर वाहन जब्ती, ऑनलाइन चालान और जुर्माने सहित कठोर कार्रवाई की जाएगी।
गिरिडीह में ओवरलोडेड वाहनों पर प्रशासन का शिकंजा, 8 वाहन पकड़े गए, 1.90 लाख का जुर्माना।