झारखंड राज्य स्थापना दिवस-2026 पखवाड़ा के तहत पंचायत घाट पहाड़पुर में आवास निर्माण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कर्मियों एवं लाभुकों को उपायुक्त ने प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित
◼️ *विभिन्न लाभुकों के नवनिर्मित आवासों में गृह प्रवेश कार्यक्रम का हुआ आयोजन।*
◼️ *'हर आवास, एक पेड़ अभियान' के तहत उपायुक्त ने पंचायत सचिवालय परिसर में किया फलदार पौधों का रोपण, आवास के लाभुकों के बीच भी किया गया पौधों का वितरण।*
====================
झारखंड राज्य स्थापना दिवस-2026 पखवाड़ा के तहत आज दिनांक 28.11.2026 को जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त, गोड्डा श्री लोकेश मिश्रा के द्वारा पंचायत घाट पहाड़पुर, गोड्डा में आवास निर्माण कार्यों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कर्मियों एवं लाभुकों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विभिन्न लाभुकों के नवनिर्मित आवासों में गृह प्रवेश कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने आवास निर्माण में सराहनीय योगदान देने वाले कर्मियों एवं लाभुकों के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। आवास योजना के माध्यम से जरूरतमंद एवं पात्र परिवारों को सुरक्षित और सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने संबंधित कर्मियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
इस अवसर पर 'हर आवास, एक पेड़ अभियान' के तहत उपायुक्त श्री लोकेश मिश्रा के द्वारा पंचायत सचिवालय, घाट पहाड़पुर के परिसर में फलदार पौधे का रोपण किया गया। साथ ही आवास योजना के लाभुकों के बीच भी फलदार पौधों का वितरण किया गया, ताकि प्रत्येक आवास के साथ पर्यावरण संरक्षण एवं हरित परिवेश को बढ़ावा दिया जा सके।
उपायुक्त ने लाभुकों से अपील की कि वे अपने आवास के आसपास उपलब्ध स्थान पर पौधों का रोपण कर उनकी नियमित देखभाल करें। उन्होंने कहा कि आवास निर्माण के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी भी हम सभी की है। प्रत्येक घर के परिसर में एक फलदार पौधा लगाने से न केवल हरियाली बढ़ेगी, बल्कि भविष्य में परिवारों को फल एवं स्वच्छ वातावरण का लाभ भी मिलेगा।
कार्यक्रम के माध्यम से आवास योजना के सफल क्रियान्वयन, उत्कृष्ट कार्य करने वालों के प्रोत्साहन तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनभागीदारी का सकारात्मक संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी, गोड्डा श्री दयानंद जयसवाल,जिला समन्वयक, प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण श्री संजीव कुमार, स्थानीय जनप्रतिनिधि (मुखिया, उपमुखिया) सहित प्रखंड कर्मी मौजूद रहे।
झारखंड राज्य स्थापना दिवस-2026 पखवाड़ा के तहत पंचायत घाट पहाड़पुर में आवास निर्माण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कर्मियों एवं लाभुकों को उपायुक्त ने प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित