साहिबगंज बरहरवा
बरहरवा-फरक्का मुख्य पथ पर केचुआ पुल के समीप बुधवार को एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में बाइक सवार 22 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान बरहरवा थाना क्षेत्र के बेलडंगा गांव निवासी जीवन रमणी (22 वर्ष) के रूप में हुई है। हादसा इतना भीषण था कि ट्रक की टक्कर से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, वहीं युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार, जीवन रमणी बुधवार को किसी काम से बरहरवा बाजार आया था। बाजार में खरीदारी करने के बाद वह अपनी बाइक से वापस घर लौट रहा था। इसी दौरान बरहरवा-फरक्का मुख्य पथ पर केचुआ पुल के समीप उसकी बाइक की एक ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक को संभलने तक का मौका नहीं मिला। दुर्घटना में उसे गंभीर चोटें आईं और उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने तत्काल घटना की सूचना बरहरवा थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही बरहरवा थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी। साथ ही दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए मामले की जांच में जुट गई है।
इधर, जवान बेटे की असामयिक मौत की खबर मिलते ही बेलडंगा गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस उम्र में जीवन को अपने भविष्य के सपने संजोने थे, उसी उम्र में सड़क हादसे ने उसकी जिंदगी छीन ली। घटना के बाद परिवार और गांव के लोगों में गहरा दुख व्याप्त है।
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर बरहरवा-फरक्का मुख्य पथ पर सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि व्यस्त मुख्य पथ पर वाहन चालकों को सावधानी बरतने तथा यातायात नियमों का सख्ती से पालन करने की आवश्यकता है, ताकि इस तरह की दर्दनाक घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
केचुआ पुल के समीप ट्रक-बाइक की भीषण टक्कर, 22 वर्षीय युवक की मौके पर मौत