साहिबगंज बरहेट,
थाना क्षेत्र में पशुओं के प्रति क्रूरता और कथित अवैध परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बरहेट पुलिस ने 12 गोवंशीय पशुओं को बरामद किया है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान गोड्डा जिले के पोड़ैयाहाट थाना क्षेत्र अंतर्गत गौरीपुर कपसाटोला निवासी जसीम हुसैन (35 वर्ष), पिता खलील अंसारी तथा पाकुड़ जिले के लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत धरमपुर मोड़ निवासी सुरजा पहाड़िया (50 वर्ष), पिता स्वर्गीय अड़िया पहाड़िया के रूप में हुई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 4 नवंबर 2026 की रात करीब 3:30 बजे रात्रि गश्ती के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि दो व्यक्ति लगभग 12 बैलों को क्रूरता पूर्वक मारते-पीटते हुए पशु हत्या के इरादे से बरहेट थाना क्षेत्र से होकर ले जा रहे हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने वरीय पदाधिकारियों को अवगत कराया और प्राप्त निर्देश के आलोक में मामले का सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई करने के लिए पुलिस टीम सअ-तलबड़िया पहुंची।
वहां पुलिस ने देखा कि 12 बैलों को एक ही रस्सी में बांधकर बेरहमी से मारते-पीटते हुए ले जाया जा रहा था। पुलिस बल को अपनी ओर आते देख दोनों व्यक्ति भागने लगे। हालांकि, सशस्त्र बलों के सहयोग से पुलिस ने खदेड़कर दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान दोनों ने अपनी पहचान बताई। पुलिस द्वारा पशुओं के परिवहन एवं स्वामित्व से संबंधित वैध कागजात की मांग की गई, लेकिन वे कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि सभी गोवंशीय पशुओं को गोड्डा से जामनगर, राजमहल ले जाया जा रहा था। इसके बाद पुलिस ने मौके पर ही सभी 12 गोवंशीय पशुओं की विधिवत जब्ती सूची तैयार कर उन्हें जब्त कर लिया तथा दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
इस मामले में पुलिस ने कुल चार प्राथमिकी अभियुक्तों के विरुद्ध बरहेट थाना कांड संख्या 132/26, दिनांक 04.11.2026 दर्ज किया है। प्राथमिकी भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(5)/3(5), पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11(1) तथा झारखंड गोवंशीय पशु हत्या प्रतिषेध अधिनियम 2005 की धारा 5/12(2) के तहत दर्ज की गई है।
छापेमारी दल में ये थे शामिल
इस कार्रवाई में पुलिस निरीक्षक एवं बोरियो प्रभाग के पु०नि० नुनुदेव राय, बरहेट थाना के पु०अ०नि० बिट्टु कुमार साहा, स०अ०नि० चंदन कुमार, अनुसंधानकर्ता पु०अ०नि० प्रमोद कुमार गुप्ता सहित बरहेट थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।
जब्त सामग्री: पुलिस ने कार्रवाई के दौरान कुल 12 गोवंशीय पशुओं को जब्त किया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
क्रूरता पूर्वक बांधकर ले जाए जा रहे 12 गोवंश बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार