मादक पदार्थों की तस्करी एवं दुरुपयोग पर अंकुश लगाने को लेकर उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक की संयुक्त अध्यक्षता में जिला एनकोर्ड (NCORD) समिति की बैठक संपन्न
◼️ *निषिद्ध मादक पदार्थों के विरुद्ध नियमित रूप से जागरूकता अभियान चलाने एवं विद्यालयों से लेकर ग्राम स्तर तक लोगों को जागरूक करने का निर्देश।*
◼️ *नशे से जुड़े हॉटस्पॉट क्षेत्रों को चिह्नित कर सघन निगरानी एवं सख्त कार्रवाई करने पर जोर।*
=============
आज दिनांक 26.11.2026 को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी, गोड्डा श्री लोकेश मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक, गोड्डा श्री मुकेश कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में मादक पदार्थों की तस्करी एवं दुरुपयोग की रोकथाम से संबंधित जिला एनकोर्ड (NCORD) समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध बिक्री एवं सेवन पर प्रभावी नियंत्रण, नशामुक्ति अभियान को व्यापक स्वरूप देने तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
◼️ नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने का निर्देश
बैठक के दौरान उपायुक्त ने संबंधित विभागों द्वारा नशामुक्ति को लेकर किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि निषिद्ध मादक पदार्थों के सेवन एवं दुरुपयोग के विरुद्ध नियमित रूप से जागरूकता अभियान चलाया जाए। नशे के दुष्प्रभाव, इसके सामाजिक एवं स्वास्थ्य संबंधी नुकसान तथा इससे बचाव के उपायों की जानकारी आमजनों तक पहुंचाई जाए। उन्होंने कहा कि जिले में आयोजित होने वाले विभिन्न सरकारी कार्यक्रमों एवं जनजागरूकता गतिविधियों में भी नशामुक्ति से संबंधित संदेशों को अनिवार्य रूप से शामिल किया जाए।
◼️ विद्यालयों एवं ग्राम स्तर तक पहुंचेगा नशामुक्ति अभियान
उपायुक्त ने शिक्षा विभाग को निर्देश दिया कि जिले के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों में नशामुक्ति से संबंधित जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएं। विद्यार्थियों एवं युवाओं को मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए उन्हें नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जाए।
साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में मुखिया, पंचायत प्रतिनिधियों एवं ग्राम सभाओं के माध्यम से जागरूकता अभियान संचालित करने पर जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए जनभागीदारी आवश्यक है। इस दिशा में पंचायत स्तर पर लोगों को जागरूक एवं सक्रिय किया जाए।
◼️ नशे से जुड़े हॉटस्पॉट चिह्नित कर होगी सख्त कार्रवाई
बैठक में उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने जिले में मादक पदार्थों की अवैध बिक्री एवं सेवन से जुड़े संभावित हॉटस्पॉट क्षेत्रों को चिह्नित कर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया। गांधी मैदान, बस स्टैंड सहित अन्य संवेदनशील एवं सार्वजनिक स्थलों पर नियमित पुलिस पेट्रोलिंग एवं जांच अभियान चलाने को कहा गया।
पुलिस अधीक्षक ने संबंधित थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्कता बरतने, मादक पदार्थों की तस्करी एवं अवैध कारोबार से जुड़ी सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई करने तथा ऐसे मामलों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
◼️ सभी विभाग आपसी समन्वय से करें कार्य
उपायुक्त ने शिक्षा, स्वास्थ्य, पुलिस एवं अन्य संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ नशामुक्ति अभियान को प्रभावी बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि नशे की समस्या केवल कानून-व्यवस्था से जुड़ा विषय नहीं है, बल्कि इसका सामाजिक स्तर पर समाधान भी आवश्यक है। इसके लिए जागरूकता, निगरानी एवं प्रभावी कार्रवाई तीनों स्तरों पर निरंतर प्रयास किए जाने चाहिए।
बैठक में अपर समाहर्ता गोड्डा श्री इन्दर कुमार,अनुमंडल पदाधिकारी, गोड्डा श्री वैद्यनाथ उरांव, अनुमंडल पदाधिकारी, महागामा श्री आलोक वरण केसरी, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) श्री जेपीएन चौधरी, जिला शिक्षा पदाधिकारी श्रीमती मिथिला टुडू, जिला शिक्षा अधीक्षक श्री दीपक कुमार सहित संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
मादक पदार्थों की तस्करी एवं दुरुपयोग पर अंकुश लगाने को लेकर उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक की संयुक्त अध्यक्षता में जिला एनकोर्ड (NCORD) समिति की बैठक संपन्न