24 Nov 2026
Current Khabar
Current Khabar
झारखंड की आवाज़

पत्रकार शंकर राउत को फोन पर गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी, पत्रकार सुरक्षा पर उठे सवाल

प्रिंस मिश्रा
प्रिंस मिश्रा reporter
📅 05 Nov 2026, 07:28 AM IST
👁 26 views
WhatsApp Facebook
पत्रकार शंकर राउत को फोन पर गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी, पत्रकार सुरक्षा पर उठे सवाल
साहिबगंज,

जिले में पत्रकारों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। दैनिक जागरण अखबार में कैमरामैन के रूप में कार्यरत पत्रकार शंकर राउत उर्फ संत जी को फोन पर गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद पत्रकार शंकर राउत ने अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए नगर थाना, साहिबगंज में लिखित आवेदन देकर पुलिस से मामले की जांच कर दोषी के विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

थाना प्रभारी को दिए गए आवेदन के अनुसार, शंकर राउत, पिता स्वर्गीय मल्लू राउत (संत जी), गांधी चौक के निकट आश्रम क्षेत्र के निवासी हैं और वर्तमान में दैनिक जागरण अखबार में कैमरामैन के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने आवेदन में बताया है कि बुधवार को शाम करीब 7:16 बजे उनके मोबाइल फोन पर एक अज्ञात व्यक्ति ने मोबाइल नंबर 9905615672 से कॉल किया। आरोप है कि कॉल करने वाले व्यक्ति ने फोन पर उनके प्रति बेहद अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए मां-बहन की गालियां दीं तथा कई बार जान से मारने की धमकी दी।

पीड़ित पत्रकार का कहना है कि फोन पर लगातार की गई गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी से वह मानसिक रूप से परेशान हैं। इस घटना के बाद उन्हें अपनी जान का खतरा भी महसूस हो रहा है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित मोबाइल नंबर की जांच कराने और धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान कर उसके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

*पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी*

इस घटना ने जिले में पत्रकारों की सुरक्षा और स्वतंत्र रूप से पत्रकारिता करने के माहौल को लेकर चिंता बढ़ा दी है। लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में पत्रकार समाज और प्रशासन के बीच महत्वपूर्ण कड़ी का काम करते हैं। ऐसे में किसी पत्रकार को फोन पर गाली-गलौज करना और जान से मारने की धमकी देना गंभीर मामला है। इस तरह की घटनाएं न केवल संबंधित पत्रकार की व्यक्तिगत सुरक्षा को प्रभावित करती हैं, बल्कि स्वतंत्र एवं निष्पक्ष पत्रकारिता के वातावरण पर भी प्रतिकूल असर डालती हैं।
पत्रकारों की मांग है कि पुलिस प्रशासन इस मामले में त्वरित संज्ञान लेकर निष्पक्ष जांच करे तथा कॉल करने वाले व्यक्ति की पहचान कर कानून के अनुरूप सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करे। साथ ही पीड़ित पत्रकार की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उन्हें भयमुक्त वातावरण में अपने पेशेवर दायित्वों का निर्वहन करने का भरोसा दिलाया जाए।
अब देखना यह है कि नगर थाना पुलिस इस शिकायत पर क्या कार्रवाई करती है।