26 Nov 2026
Current Khabar
Current Khabar
झारखंड की आवाज़

सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन सख्त, यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई

Noor Hasan
Noor Hasan editor
📅 26 Nov 2026, 08:27 PM IST
👁 64 views
WhatsApp Facebook
सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन सख्त, यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई
सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन सख्त, यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई

◼️ *नशे में वाहन चलाने, ओवरस्पीडिंग, ओवरलोडिंग एवं बिना हेलमेट तथा सीट बेल्ट के वाहन चलाने वालों पर रहेगी विशेष नजर।*

◼️ *ओवरलोडिंग जुगाड़ गाड़ियों के परिचालन पर प्रतिबंध लगाने तथा नियमित जांच के लिए टीम गठित करने का निर्देश।*
===============
आज दिनांक 26/11/2026 को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त, गोड्डा श्री लोकेश मिश्रा की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण, यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, सड़क सुरक्षा नियमों का अनुपालन सुनिश्चित करने तथा दुर्घटनाओं में कमी लाने को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सड़क सुरक्षा के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमित जांच अभियान चलाते हुए नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

◼️ *ओवरलोडिंग जुगाड़ गाड़ियों के परिचालन पर प्रतिबंध लगाने का निर्देश*

उपायुक्त ने जिले में संचालित ओवरलोडिंग जुगाड़ गाड़ियों के परिचालन पर प्रतिबंध लगाने का निर्देश दिया। इसके लिए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा टीम गठित कर नियमित रूप से जांच अभियान चलाने को कहा गया। उन्होंने निर्देश दिया कि नियमों के विरुद्ध संचालित वाहनों पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

◼️ *यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर होगी कार्रवाई*

उपायुक्त ने जिला परिवहन पदाधिकारी एवं पुलिस विभाग को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में नियमित रूप से सघन वाहन जांच अभियान संचालित करने का निर्देश दिया। उन्होंने बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने, बिना सीट बेल्ट चारपहिया वाहन चलाने, निर्धारित गति सीमा से अधिक रफ्तार में वाहन चलाने तथा ओवरलोडिंग करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा। विशेष रूप से सड़क दुर्घटनाओं की आशंका वाले क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने पर जोर दिया गया।

◼️*नशे में वाहन चलाने एवं अवैध परिवहन पर विशेष निगरानी*

बैठक में नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध विशेष जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने पुलिस एवं परिवहन विभाग को आपसी समन्वय के साथ नियमित जांच करने तथा दोषी वाहन चालकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही अवैध परिवहन पर रोक लगाने के लिए भी विशेष निगरानी एवं जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया गया।

◼️ *जनजागरूकता अभियान के माध्यम से सड़क सुरक्षा का संदेश*

उपायुक्त ने सड़क सुरक्षा को लेकर आमजनों के बीच व्यापक जागरूकता अभियान चलाने पर विशेष बल दिया। उन्होंने संबंधित विभागों एवं थाना प्रभारियों को विद्यालयों, महाविद्यालयों, सार्वजनिक स्थलों तथा अन्य प्रमुख स्थानों पर जागरूकता गतिविधियां संचालित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने तथा शराब अथवा अन्य नशीले पदार्थों के सेवन के बाद वाहन नहीं चलाने के प्रति जागरूक किया जाए।

उपायुक्त ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। यातायात नियमों का पालन कर ही सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है तथा अनमोल जीवन की रक्षा सुनिश्चित की जा सकती है।