*साहिबगंज:* जिरवाबाड़ी थाना क्षेत्र के साक्षरता चौक के पास शनिवार देर शाम जुगाड़ गाड़ी और बाइक के बीच हुई जोरदार आमने-सामने की टक्कर में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तीनों को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही एक युवक ने दम तोड़ दिया।
मृतक की पहचान बड़ा जिरवाबाड़ी चानन निवासी शंकर मंडल के 22 वर्षीय पुत्र गणेश मंडल के रूप में हुई है। वहीं, इस दुर्घटना में चानन निवासी राजेश मंडल के 20 वर्षीय पुत्र प्रवीण मंडल और लक्ष्मण मंडल के 19 वर्षीय पुत्र पंकज मंडल गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों का इलाज सदर अस्पताल में कराया गया। चिकित्सकों ने बेहतर इलाज की आवश्यकता को देखते हुए घायल पंकज मंडल को हायर सेंटर रेफर कर दिया।
घायल प्रवीण मंडल ने बताया कि तीनों दोस्त बाइक से लोहंडा स्थित अपने खेत से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान साक्षरता चौक के पास तेज रफ्तार से आ रही एक जुगाड़ गाड़ी ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उस पर सवार तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। सदर अस्पताल में चिकित्सक डॉ. पिंकू चौधरी ने बताया कि गणेश मंडल के सिर में गंभीर चोट लगी थी, जिसके कारण उसकी मौत हो गई। वहीं, घायल पंकज मंडल की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया है।
इधर, युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है। जिरवाबाड़ी थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
तेज रफ्तार जुगाड़ गाड़ी ने बाइक को मारी टक्कर, एक की मौत और दो घायल