उधवा:
साहिबगंज जिले में मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री और तस्करी के खिलाफ पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में मंगलवार, 24 नवंबर को राधानगर थाना क्षेत्र के उधवा दियारा स्थित कमलेट पूर्वी इलाके में पुलिस ने छापेमारी कर एमडीएमए जैसा मादक पदार्थ बरामद किया। इस कार्रवाई में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से कुल 17.39 ग्राम एमडीएमए जैसा पदार्थ बरामद हुआ है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस संबंध में मंगलवार को राजमहल के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) विमलेश कुमार त्रिपाठी ने अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेस ब्रीफिंग के दौरान पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 24 नवंबर 2026 की सुबह करीब 9:10 बजे पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि राधानगर थाना क्षेत्र के उधवा दियारा अंतर्गत कमलेट पूर्वी इलाके के पास मोटरसाइकिल सवार दो व्यक्ति मादक पदार्थ की खरीद-बिक्री कर रहे हैं।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया। इसके बाद सूचना के सत्यापन और छापेमारी के लिए उधवा के अंचलाधिकारी आशीष कुमार मंडल के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर पहुंचकर संदिग्धों की तलाश शुरू की। इस दौरान दो व्यक्तियों को पकड़कर उनकी तलाशी ली गई।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमीर शेख (48 वर्ष), पिता स्वर्गीय हाजी गयासुद्दीन शेख, निवासी अमानत तथा करीम शेख (37 वर्ष), पिता स्वर्गीय अताउर शेख, निवासी अमानत मजीद टोला, थाना राधानगर, जिला साहिबगंज के रूप में हुई है।
तलाशी के दौरान अमीर शेख की जैकेट के बाएं पॉकेट से पारदर्शी प्लास्टिक में रखा करीब 12.38 ग्राम एमडीएमए जैसा पदार्थ बरामद किया गया। वहीं, दूसरे आरोपी करीम शेख की जींस पैंट के पीछे दाहिने पॉकेट से करीब 5.01 ग्राम इसी तरह का मादक पदार्थ मिला। इस प्रकार दोनों आरोपियों के पास से कुल 17.39 ग्राम संदिग्ध मादक पदार्थ बरामद हुआ। पुलिस ने बरामद पदार्थ को जब्त करते हुए दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
एसडीपीओ विमलेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि इस मामले में राधानगर थाना कांड संख्या 407/26, दिनांक 24 नवंबर 2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(सी), 27 एवं 29 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले का अनुसंधान किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान दोनों गिरफ्तार आरोपियों ने अपने अपराध स्वीकारोक्ति बयान में संलिप्तता स्वीकार की है। दोनों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद मंगलवार को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है।
*छापेमारी दल में ये पुलिसकर्मी थे शामिल*
पूरी कार्रवाई उधवा के अंचलाधिकारी आशीष कुमार मंडल के नेतृत्व में की गई। छापेमारी दल में राधानगर थाना प्रभारी पुलिस अवर निरीक्षक रोहित कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक संग्राम सिंह सोय, पुलिस अवर निरीक्षक सुनील कुमार महतो, पुलिस अवर निरीक्षक यशवंत यादव, हवलदार राज किशोर यादव और आरक्षी अनवर अंसारी शामिल थे।
*मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई जारी*
जिले में नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री और तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। उधवा दियारा में हुई यह छापेमारी इसी अभियान का हिस्सा है। पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
उधवा दियारा में नशे के कारोबार पर पुलिस का प्रहार, 17.39 ग्राम एमडीएमए जैसे पदार्थ के साथ दो गिरफ्तार