सर्राफा संघ ने साप्ताहिक बंदी का लिया निर्णय, सभी स्वर्ण व्यवसायियों से पालन करने की अपील।
गिरिडीह :गिरिडीह के सर्राफा व्यवसायियों के लिए महत्वपूर्ण खबर है। अब शहर के सभी सर्राफा प्रतिष्ठान आगामी 10 दिसंबर 2026 से प्रत्येक गुरुवार को बंद रहेंगे। सर्राफा संघ, गिरिडीह की कार्यकारिणी समिति की बैठक में सर्वसम्मति से साप्ताहिक बंदी की पुरानी व्यवस्था को पुनः लागू करने का निर्णय लिया गया है। इस संबंध में संघ की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि पूर्व में प्रत्येक गुरुवार को सर्राफा प्रतिष्ठानों की साप्ताहिक बंदी निर्धारित की गई थी। हालांकि दुर्गापूजा, धनतेरस एवं छठ जैसे प्रमुख पर्व-त्योहारों के दौरान आम लोगों की सुविधा और व्यापारिक जरूरतों को देखते हुए बंदी की व्यवस्था में अस्थायी बदलाव किया गया था। पर्व-त्योहारों के संपन्न होने के बाद अब संघ ने पूर्व निर्धारित व्यवस्था को फिर से लागू करने का फैसला लिया है। इसके तहत 10 दिसंबर से गिरिडीह नगर के सभी सर्राफा प्रतिष्ठान प्रत्येक गुरुवार को पूरी तरह बंद रहेंगे। संघ के अध्यक्ष राहुल कुमार बर्मन ने जिले के सभी स्वर्ण व्यवसायियों एवं सर्राफा बंधुओं से इस सामूहिक निर्णय का पालन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि साप्ताहिक बंदी का मुख्य उद्देश्य व्यवसायियों के बीच एकजुटता बनाए रखना और उन्हें सप्ताह में एक दिन अवकाश उपलब्ध कराना है।उन्होंने बताया कि इस निर्णय की आधिकारिक सूचना पत्र के माध्यम से पुलिस प्रशासन को भी भेज दी गई है, ताकि बंदी की व्यवस्था सुचारू रूप से लागू हो सके।
10 दिसंबर से प्रत्येक गुरुवार को बंद रहेंगे गिरिडीह के सर्राफा प्रतिष्ठान।