25 Nov 2026
Current Khabar
Current Khabar
झारखंड की आवाज़

कस्तूरबा स्कूल के समीप पेड़ की टहनियों से सटा 11 हजार वोल्ट का तार, बड़े हादसे को दे रहा दावत।

A
Amit Kumar reporter
📅 25 Nov 2026, 06:45 PM IST
👁 12 views
WhatsApp Facebook
कस्तूरबा स्कूल के समीप पेड़ की टहनियों से सटा 11 हजार वोल्ट का तार, बड़े हादसे को दे रहा दावत।
तेनुघाट : तेनुघाट स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय के समीप सड़क किनारे पेड़ की टहनियों में 11 हजार वोल्ट का हाई टेंशन विद्युत तार सटा हुआ है, जिससे कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। स्थानीय लोगों के अनुसार, विद्युत विभाग द्वारा समय पर पेड़ों की छंटाई (ट्रीमिंग) नहीं किए जाने के कारण यह गंभीर स्थिति उत्पन्न हुई है।
यह मार्ग अत्यंत व्यस्त रहता है। इसी रास्ते से प्रतिदिन बड़ी संख्या में आम लोग अनुमंडल मुख्यालय आते-जाते हैं। इसके अतिरिक्त, कस्तूरबा विद्यालय परिसर के ठीक सामने यह खतरा मंडरा रहा है, जहां अक्सर अभिभावकों का अपने बच्चों से मिलने और उन्हें लाने-ले जाने के लिए आवागमन लगा रहता है। हवा चलने या बारिश होने की स्थिति में टहनियों के माध्यम से करंट फैलने की प्रबल आशंका बनी हुई है।
गौरतलब है कि कुछ ही दिन पूर्व खेतको स्थित दामोदर नदी पुल के सामने भी पेड़ की टहनी से हाई टेंशन तार सटे रहने के कारण एक व्यक्ति करंट की चपेट में आकर झुलस गया था और बाल-बाल उसकी जान बची थी। पूर्व की इस घटना के बावजूद बिजली विभाग की ओर से इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। स्थानीय नागरिकों व अभिभावकों ने प्रशासन और विद्युत विभाग से अविलंब पेड़ों की छंटाई कर हाई टेंशन तार को सुरक्षित करने की मांग की है, ताकि किसी अनहोनी को टाला जा सके।
विभाग के कार्यपालक अभियंता ने बताया कि एसडीओ को बोलकर उसे ठीक करवा दिया जायेगा।