Sahibganj
पतना: प्रखंड परिसर पतना में मंगलवार को पल्स पोलियो एसएनआईडी (SNID) नवंबर 2026 अभियान की सफलता को लेकर प्रखंड क्षेत्र की सभी आंगनबाड़ी सेविकाओं के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान सेविकाओं को अभियान के निर्धारित कार्यक्रम, बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने की प्रक्रिया तथा घर-घर जाकर सर्वेक्षण करने से संबंधित विस्तृत जानकारी दी गई।
बताया गया कि पल्स पोलियो का एसएनआईडी राउंड आगामी 22 नवंबर से 24 नवंबर 2026 तक संचालित किया जाएगा। अभियान का मुख्य उद्देश्य शून्य से पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाना तथा यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी बच्चा पोलियो की दवा पीने से वंचित न रहे।
प्रशिक्षण के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी पतना ने सभी आंगनबाड़ी सेविकाओं को अभियान में सक्रिय रूप से सहयोग करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाने में सेविकाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। सभी सेविकाएं अपने-अपने क्षेत्र में जिम्मेदारी के साथ कार्य करें और यह सुनिश्चित करें कि शून्य से पांच वर्ष तक का एक भी बच्चा पोलियो की खुराक से छूटने न पाए।
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. समसुल हक ने प्रशिक्षण के दौरान एक्स (X) मार्क वाले बच्चों को पी (P) में परिवर्तित करने की प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने अभियान के दौरान निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए सभी बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने पर विशेष जोर दिया।
वहीं, डब्ल्यूएचओ के आरआरटी डॉ. सुमित ने बताया कि यह एसएनआईडी राउंड है। अभियान के पहले दिन निर्धारित बूथों पर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी, जबकि दूसरे और तीसरे दिन स्वास्थ्यकर्मी एवं सेविकाएं घर-घर जाकर बच्चों को दवा पिलाना सुनिश्चित करेंगी। उन्होंने कहा कि घर-घर भ्रमण के दौरान किसी भी बच्चे को छूटने नहीं देना है।
प्रशिक्षक डॉ. कुणाल किशोर ने सेविकाओं को दीवार लेखन सही तरीके से करने और अभियान से संबंधित आवश्यक जानकारियों को स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने का निर्देश दिया। वहीं, बीडीएम/बीएएम मधुसूदन महतो ने एक्स (X) वाले फॉर्मेट को लेकर जानकारी देते हुए कहा कि इस फॉर्मेट को घर-घर जाकर ही भरना सुनिश्चित करें, ताकि सर्वेक्षण की वास्तविक स्थिति का सही आकलन किया जा सके।
प्रशिक्षण में डब्ल्यूएचओ मॉनिटर सुबोध शर्मा, एसटीएस संजय किस्कू, बीटीटी कृपा सिंधु रजक सहित प्रखंड क्षेत्र की सभी आंगनबाड़ी सेविकाएं उपस्थित रहीं। अधिकारियों ने अभियान को सफल बनाने के लिए सभी संबंधित कर्मियों से आपसी समन्वय और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की अपील की।
22 से 24 नवंबर तक चलेगा पल्स पोलियो अभियान, सेविकाओं को दिया गया प्रशिक्षण