18 Nov 2026
Current Khabar
Current Khabar
झारखंड की आवाज़

पतना में 14 टीबी मरीजों के बीच पोषण किट का वितरण, चार निक्षय मित्रों ने लिया मरीजों की देखभाल का संकल्प

प्रिंस मिश्रा
प्रिंस मिश्रा reporter
📅 17 Nov 2026, 11:00 PM IST
👁 14 views
WhatsApp Facebook
पतना में 14 टीबी मरीजों के बीच पोषण किट का वितरण, चार निक्षय मित्रों ने लिया मरीजों की देखभाल का संकल्प
साहिबगंज पतना

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पतना के तत्वावधान में मंगलवार को प्रखंड परिसर पतना में टीबी उन्मूलन अभियान के तहत पोषण किट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी देवेश कुमार के हाथों कुल 14 टीबी मरीजों के बीच पोषण किट का वितरण किया गया। इस पहल का उद्देश्य टीबी मरीजों को बेहतर पोषण उपलब्ध कराकर उनके उपचार में सहयोग करना और बीमारी से जल्द स्वस्थ होने के लिए प्रोत्साहित करना है।
कार्यक्रम के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. समसुल हक की पहल पर समाजसेवियों एवं गणमान्य व्यक्तियों को निक्षय मित्र बनने के लिए प्रेरित किया गया। उनके आग्रह पर प्रखंड विकास पदाधिकारी देवेश कुमार, महिला पर्यवेक्षिका मीना एवं रेशमी, समाजसेवी राजेश कुमार साह तथा समाजसेवी दिवाकर वर्मा ने निक्षय मित्र के रूप में आगे आकर टीबी मरीजों की सहायता की जिम्मेदारी निभाई।
इस क्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी देवेश कुमार ने दो टीबी मरीजों, महिला पर्यवेक्षिका मीना एवं रेशमी ने एक मरीज, समाजसेवी राजेश कुमार साह ने पांच मरीजों तथा समाजसेवी दिवाकर वर्मा ने पांच टीबी मरीजों को पोषण किट उपलब्ध कराई। इस प्रकार निक्षय मित्रों के सहयोग से मरीजों को नियमित पोषण सहायता देने की पहल की गई।
मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी देवेश कुमार ने सभी टीबी मरीजों से बातचीत करते हुए उन्हें दवाइयों का नियमित सेवन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि टीबी का उपचार संभव है, लेकिन इसके लिए मरीजों को चिकित्सकों की सलाह के अनुसार दवाइयों का पूरा कोर्स करना चाहिए। बीच में दवा छोड़ने से बीमारी के दोबारा गंभीर होने का खतरा रहता है। उन्होंने मरीजों को पौष्टिक आहार लेने और उपचार के दौरान स्वास्थ्य विभाग के दिशा-निर्देशों का पालन करने की भी सलाह दी।
कार्यक्रम में मेडिकल ऑफिसर डॉ. कुणाल किशोर, बीडीएम/बीएएम मधुसूदन महतो, एसटीएस संजय किस्कू, बीटीटी कृपा सिंधु रजक एवं पीएसआई अजय कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मी उपस्थित थे।
कार्यक्रम के माध्यम से टीबी मरीजों के उपचार में पोषण सहायता और सामाजिक सहभागिता के महत्व को रेखांकित किया गया। साथ ही समाज के सक्षम लोगों से निक्षय मित्र बनकर टीबी मरीजों की मदद करने और जिले को टीबी मुक्त बनाने के अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की गई।