अमर शहीद बिरसा मुंडा की जयंती एवं झारखंड राज्य स्थापना दिवस के शुभ अवसर पर गिरिडीह जिले में स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता का संदेश देने के उद्देश्य से 'Run For Cleanliness' कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उपायुक्त, रामनिवास यादव के नेतृत्व में आयोजित इस जागरूकता दौड़ का शुभारंभ प्रातः 7:00 बजे झंडा मैदान से हुआ। दौड़ झंडा मैदान से प्रारंभ होकर शास्त्रीनगर छठ घाट तक आयोजित की गई। कार्यक्रम की मुख्य थीम 'स्वच्छ झारखंड, विकसित झारखंड' रही, जिसके माध्यम से स्वच्छता को जनभागीदारी से जोड़ते हुए स्वच्छ एवं विकसित राज्य के निर्माण का संदेश दिया गया। इस अवसर पर महापौर,प्रमिला मेहरा, पुलिस अधीक्षक, डॉ बिमल कुमार, नगर आयुक्त, सहायक समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, सहायक समाहर्ता सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी प्रतिभागियों ने जागरूकता दौड़ में शामिल होकर स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।*
जागरूकता दौड़ के उपरांत उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक, महापौर सहित उपस्थित पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने शास्त्रीनगर छठ घाट परिसर में स्वयं साफ-सफाई की। वंही इस कार्यक्रम के माध्यम से आमजनों को यह संदेश दिया गया कि स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। सार्वजनिक स्थलों, सड़कों एवं अपने आसपास के परिवेश को स्वच्छ रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। स्वच्छता के प्रति जागरूकता, व्यवहार में सकारात्मक बदलाव तथा जनभागीदारी के माध्यम से ही स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है। उपायुक्त, श्री रामनिवास यादव ने स्वच्छता के महत्व पर बल देते हुए सभी पदाधिकारियों, कर्मियों एवं जिलेवासियों से स्वच्छता को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने तथा स्वच्छता संबंधी गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की।
अमर शहीद बिरसा मुंडा जयंती एवं झारखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर गिरिडीह मेंआयोजित हुआ 'Run For Cleanliness' कार्यक्रम।