धरती आबा भगवान बिरसा मुण्डा की 151वीं जयंती एवं राज्य स्थापना दिवस पर गिरिडीह उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक ने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया नमन।
धरती आबा भगवान बिरसा मुण्डा की 151वीं जयंती एवं झारखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आज गिरिडीह उपायुक्त, रामनिवास यादव एवं पुलिस अधीक्षक, डॉ बिमल कुमार द्वारा पटेल चौक, सिरसिया स्थित भगवान बिरसा मुण्डा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त ने भगवान बिरसा मुण्डा के अदम्य साहस, संघर्ष एवं बलिदान को स्मरण करते हुए कहा कि धरती आबा का जीवन समाज के उत्थान, अधिकारों की रक्षा एवं जनकल्याण के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुण्डा के आदर्श एवं विचार हम सभी को समाज और राज्य के विकास के लिए समर्पित भाव से कार्य करने की प्रेरणा देते हैं। झारखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर उनके योगदान को स्मरण करते हुए उनके आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लेने की आवश्यकता है।