लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर गिरिडीह जिले के राजधनवार का ऐतिहासिक राज छठ घाट दुल्हन की तरह सजकर पूरी तरह तैयार है। खरना पूजा के साथ ही यहां तीन दिवसीय छठ महोत्सव का भव्य शुभारंभ हो गया है। घाट की आकर्षक विद्युत सज्जा, भव्य मंदिर, मनमोहक झांकियां और रंग-बिरंगी रोशनी श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनी हुई हैं। आस्था और भव्यता का ऐसा संगम देखने के लिए झारखंड के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु राजधनवार पहुंचते हैं।
इस वर्ष राज छठ घाट पर राजस्थान के प्रसिद्ध मंदिर की तर्ज पर भव्य सूर्य मंदिर का निर्माण कराया गया है। नदी पर बने लकड़ी के पुल को भी काल्पनिक मंदिर का आकर्षक स्वरूप दिया गया है। वहीं दूसरे पुल को भी मंदिर की भव्य आकृति में सजाया गया है। राज परिवार आवास के समीप वृंदावन धाम की मनमोहक झांकी तैयार की गई है, जहां भगवान श्रीकृष्ण की विभिन्न लीलाओं को जीवंत रूप में दर्शाया गया है।
मेला परिसर में भव्य तोरणद्वार, मां काली की प्रतिमा, आकर्षक कलाकृतियां और शानदार विद्युत सज्जा लोगों को मंत्रमुग्ध कर रही हैं। रंग-बिरंगी रोशनी से पूरा घाट परिसर जगमगा उठा है। वहीं राजधनवार बाजार की प्रमुख सड़कों को भी आकर्षक लाइटिंग से सजाया गया है, जिससे पूरा शहर उत्सवी रंग में रंगा नजर आ रहा है।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को लेकर भी व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पुलिस जवानों और पूजा समिति के स्वयंसेवकों की तैनाती की गई है। पूरे मेला क्षेत्र पर सीसीटीवी कैमरे, वॉच टावर और ड्रोन कैमरों से निगरानी रखी जा रही है। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए धनवार हाई स्कूल, सिनेमा रोड, बरजो भाभा स्कूल और नावाडीह टाउन हॉल के समीप बैरिकेडिंग कर पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
राज छठ घाट के साथ दीवान टोला छठ घाट को भी भव्य रूप दिया गया है। वहीं नौलखा डैम, इरगा नदी और पचरुखी नदी के छठ घाटों पर भी आकर्षक सजावट की गई है।
आस्था, भक्ति और परंपरा के इस महापर्व पर राजधनवार का ऐतिहासिक राज छठ घाट एक बार फिर अपनी भव्यता और धार्मिक पहचान के साथ श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए तैयार है।
इस भव्य छठ महोत्सव को सफल बनाने में छठ पूजा महासमिति के संरक्षक अनुप संथालिया, अध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता, बालेश्वर मोदी, पंकज वर्णवाल, सुधीर अग्रवाल, अशोक साव, अनमोल कुमार, राहुल कुमार साव, मुकेश कुमार, शुभम कुमार, वीरेंद्र साव, राजेंद्र अग्रवाल सहित समिति के कई सदस्य सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।
राजस्थान के भव्य मंदिर की तर्ज पर सजा राजधनवार का ऐतिहासिक राज छठ घाट, अलौकिक नजारा देख मंत्रमुग्ध हुए श्रद्धालु।