23 Nov 2026
Current Khabar
Current Khabar
झारखंड की आवाज़

बेटियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य पर विशेष पहल, छात्राओं को बताए गए अधिकार और बचाव के उपाय

प्रिंस मिश्रा
प्रिंस मिश्रा reporter
📅 22 Nov 2026, 09:42 AM IST
👁 12 views
WhatsApp Facebook
बेटियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य पर विशेष पहल, छात्राओं को बताए गए अधिकार और बचाव के उपाय
राजमहल:

बेटियों को सुरक्षित, शिक्षित, स्वस्थ एवं आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से सरकार के 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' अभियान के तहत राजमहल प्रखंड के उत्क्रमित उच्च विद्यालय, जामनगर में विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं को महिला एवं बाल अधिकार, स्वास्थ्य, व्यक्तिगत सुरक्षा, आत्मरक्षा और सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक किया गया। जिला समाज कल्याण पदाधिकारी संजय कुमार दास के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किशोरियों को उनके अधिकारों की जानकारी देने के साथ उन्हें अपने स्वास्थ्य और सुरक्षा के प्रति जागरूक एवं आत्मनिर्भर बनाना था।
कार्यक्रम के दौरान संरक्षण पदाधिकारी चंदा कुमारी ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि बालिकाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए उन्हें अपने अधिकारों की जानकारी होना बेहद जरूरी है। उन्होंने गुड टच-बैड टच के बारे में विस्तार से बताते हुए छात्राओं को किसी भी तरह के अनुचित व्यवहार को पहचानने और ऐसी स्थिति में बिना झिझक अपने अभिभावकों, शिक्षकों या संबंधित अधिकारियों को जानकारी देने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने बाल विवाह, बाल श्रम और यौन शोषण जैसी सामाजिक बुराइयों के प्रति जागरूक करते हुए इनसे बचाव के उपाय बताए। साथ ही पॉक्सो (POCSO) अधिनियम, किशोर न्याय अधिनियम एवं बच्चों के संरक्षण से संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। छात्राओं को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से भी अवगत कराया गया, ताकि वे जरूरत पड़ने पर इनका लाभ उठा सकें।

*माहवारी स्वच्छता और स्वास्थ्य पर दिया गया विशेष जोर*

कार्यक्रम में किशोरियों के स्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण विषय माहवारी स्वच्छता एवं प्रबंधन पर विशेष चर्चा की गई। छात्राओं को मासिक धर्म के दौरान व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने, स्वच्छता संबंधी सावधानियां बरतने और स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि माहवारी एक सामान्य प्राकृतिक प्रक्रिया है, इसलिए इस विषय पर किसी प्रकार की झिझक या संकोच नहीं रखना चाहिए। स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को लेकर खुलकर बात करनी चाहिए और जरूरत पड़ने पर चिकित्सकीय सलाह लेनी चाहिए। इस दौरान छात्राओं के बीच सेनेटरी पैड का वितरण भी किया गया।

*आत्मरक्षा और नशामुक्ति का दिया संदेश*

छात्राओं को आत्मरक्षा के महत्व से अवगत कराते हुए किसी भी विपरीत परिस्थिति में सतर्क रहने और आत्मविश्वास के साथ उसका सामना करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही नशे के दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए इससे दूर रहने का संदेश दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा, जागरूकता और आत्मनिर्भरता ही बेटियों को मजबूत बनाने के महत्वपूर्ण आधार हैं।
इस अवसर पर 'एक पौधा बेटी के नाम' अभियान के तहत पौधरोपण भी किया गया। इसके माध्यम से बेटियों के सम्मान, उनके उज्ज्वल भविष्य और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (C3) मोहम्मद खालिद एवं मंथन संस्था की अंशु मालाकार का सराहनीय योगदान रहा। मौके पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं सहित बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित थीं। कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं को न केवल अपने अधिकारों और सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, आत्मविश्वास बढ़ाने और समाज में सम्मानपूर्वक आगे बढ़ने के लिए भी प्रेरित किया गया।