‘आपका मोबाइल फिर से आपका’ अभियान के तहत अब तक 1,115 मोबाइल बरामद, एसपी डॉ. बिमल कुमार ने वास्तविक धारकों को सौंपे फोन।
गिरिडीह :गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी को लेकर गिरिडीह पुलिस का विशेष अभियान ‘आपका मोबाइल फिर से आपका’ लगातार सफलता हासिल कर रहा है। इसी अभियान के तहत बुधवार को पुलिस केंद्र, गिरिडीह में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार ने बरामद किए गए 80 मोबाइल फोन उनके वास्तविक धारकों को सौंपे। पुलिस की तकनीकी शाखा (टेक्निकल सेल) एवं विभिन्न थानों के संयुक्त प्रयास से इन मोबाइल फोन की बरामदगी की गई। लंबे समय बाद अपना खोया हुआ मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे खिल उठे। मोबाइल धारकों ने गिरिडीह पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए पुलिस अधीक्षक एवं पूरी टीम के प्रति आभार जताया। गौरतलब है कि गिरिडीह पुलिस ने वर्ष 2025 से नवंबर 2026 तक इस विशेष अभियान के माध्यम से कुल 1,115 गुम एवं चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को वापस लौटाए हैं। वर्ष 2025 में 426 मोबाइल बरामद किए गए थे, जबकि वर्ष 2026 में अब तक 689 मोबाइल फोन की बरामदगी की जा चुकी है।पुलिस के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2025 में सितंबर माह में 113 और नवंबर में 313 मोबाइल लौटाए गए। वहीं वर्ष 2026 में जून में 211, जुलाई में 101, अगस्त में 112, सितंबर में 105, अक्टूबर में 80 तथा नवंबर में 80 मोबाइल फोन उनके धारकों को सौंपे गए। इस अवसर पर गिरिडीह पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की कि मोबाइल फोन गुम या चोरी होने पर तत्काल नजदीकी थाना में सनहा अथवा प्राथमिकी दर्ज कराएं। साथ ही भारत सरकार के सीईआईआर (सीईआईआर) पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज करें, ताकि मोबाइल की पहचान और बरामदगी की प्रक्रिया में तेजी लाई जा सके। गिरिडीह पुलिस की इस पहल से न केवल आम लोगों को आर्थिक राहत मिल रही है, बल्कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास भी मजबूत हो रहा है।
गिरिडीह पुलिस ने 80 लोगों को लौटाए उनके खोए हुए मोबाइल।