25 Nov 2026
Current Khabar
Current Khabar
झारखंड की आवाज़

महिला हिंसा के खिलाफ इनर व्हील क्लब ने निकाली जागरूकता रैली, 300 छात्र-छात्राओं समेत 25 संस्थाओं ने लिया हिस्सा।

A
Amit Kumar reporter
📅 25 Nov 2026, 07:55 PM IST
👁 8 views
WhatsApp Facebook
महिला हिंसा के खिलाफ इनर व्हील क्लब ने निकाली जागरूकता रैली, 300 छात्र-छात्राओं समेत 25 संस्थाओं ने लिया हिस्सा।
गिरिडीह। महिलाओं और बालिकाओं के साथ होने वाली हिंसा एवं उत्पीड़न के खिलाफ जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से मंगलवार को इनर व्हील क्लब गिरिडीह की ओर से ऑरेंज द वर्ल्ड अभियान के तहत भव्य जागरूकता रैली निकाली गई। रैली की शुरुआत पीडब्ल्यूडी मैदान से हुई। नगर निगम की महापौर प्रमिला मेहरा ने नारंगी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। मौके पर उपमहापौर सुमित कुमार भी मौजूद रहे।
रैली में सर जेसी बोस गर्ल्स हाई स्कूल और एचई हाई स्कूल के करीब 300 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। इसके अलावा शहर की लगभग 25 सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भी अभियान को समर्थन दिया। इनमें विभिन्न रोटरी एवं लायंस क्लब, प्रेरणा शाखा, मारवाड़ी युवा मंच, माहुरी महिला समिति, बरनवाल समाज, कायस्थ समाज, कला संगम, कोयलांचल चैंबर ऑफ कॉमर्स और ब्राह्मण समाज सहित अन्य संस्थाएं शामिल थीं।
रैली में शामिल छात्र-छात्राओं ने शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए महिला हिंसा के खिलाफ नारे लगाए और लोगों को जागरूक किया। सभी क्लब सदस्याएं नारंगी परिधान में शामिल हुईं। प्रतिभागियों को नारंगी कैप दी गई और नारंगी गुब्बारों का भी इस्तेमाल किया गया।
महापौर प्रमिला मेहरा ने महिलाओं और बालिकाओं के प्रति हर स्थान पर सम्मानजनक व्यवहार करने की अपील की। उन्होंने इनर व्हील क्लब के प्रयासों की सराहना की। उल्लेखनीय है कि संयुक्त राष्ट्र का ऑरेंज द वर्ल्ड अभियान 25 नवंबर से 10 दिसंबर तक चलता है। इसका उद्देश्य महिलाओं के खिलाफ हिंसा समाप्त करना और सुरक्षित एवं सम्मानजनक समाज का निर्माण करना है।