गांवा, तिसरी और देवरी में बनेगी विशेष कार्ययोजना, दो माह में तैयार होगा प्रवासी श्रमिकों का ग्रामवार रजिस्टर।
हर 15 दिनों में होगा रजिस्टर का सत्यापन, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर भी बढ़ेगी निगरानी।
गिरिडीह: जिले में मानव तस्करी की रोकथाम, प्रवासी श्रमिकों की सुरक्षा और बच्चों के संरक्षण को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त पहल शुरू की है। इसके तहत गांवा, तिसरी और देवरी प्रखंड में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में विशेष कार्ययोजना तैयार की जाएगी। बुधवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त रामनिवास यादव की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में इस संबंध में संबंधित विभागों के अधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में उपायुक्त ने अगले दो माह के भीतर जिले के सभी राजस्व ग्रामों में प्रवासी श्रमिकों का रजिस्टर तैयार करने का निर्देश दिया। इसके लिए संबंधित थानों को निर्धारित प्रारूप में रजिस्टर उपलब्ध कराया जाएगा। ग्राम स्तर पर चौकीदारों को रजिस्टर तैयार करने और उसका नियमित संधारण करने की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। इसमें प्रवासी श्रमिकों का नाम, पता, परिवार का विवरण और उनके कार्यस्थल सहित अन्य जरूरी जानकारियां दर्ज की जाएंगी। खास बात यह है कि प्रत्येक 15 दिनों में रजिस्टर का सत्यापन किया जाएगा, ताकि आंकड़े अद्यतन और सही रहें।
उपायुक्त ने मानव तस्करी की दृष्टि से संवेदनशील गांवा, तिसरी और देवरी प्रखंडों में विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया। इसके अलावा रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड जैसे प्रमुख परिवहन केंद्रों पर भी निगरानी व्यवस्था मजबूत करने को कहा गया। पुलिस और परिवहन विभाग को आपसी समन्वय से संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों और स्वयंसेवी संस्थाओं के सहयोग से सूचनाओं का आदान-प्रदान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। ग्राम स्तर पर गठित होंगी बाल संरक्षण समितियां बच्चों को मानव तस्करी और अन्य जोखिमों से बचाने के लिए ग्राम स्तर पर बाल संरक्षण समितियों का गठन किया जाएगा। पंचायत प्रतिनिधियों और संबंधित कर्मियों के सहयोग से संवेदनशील परिवारों एवं जोखिमग्रस्त बच्चों की पहचान की जाएगी। वहीं श्रम विभाग को प्रवासी श्रमिकों के समूहों की पहचान कर यह जानकारी जुटाने का निर्देश दिया गया कि जिले के किन क्षेत्रों से कितने श्रमिक रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में पलायन करते हैं। उनके परिवारों की स्थिति का आकलन कर जरूरत के अनुसार सरकारी सहायता उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया। वन स्टॉप सेंटर और संरक्षण गृहों की भी हुई समीक्षा बैठक में गिरिडीह एवं जमुआ स्थित वन स्टॉप सेंटर के संचालन और रखरखाव की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने महिलाओं एवं जरूरतमंद पीड़ितों को केंद्र में सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। इसके साथ ही संरक्षण गृहों का नियमित निरीक्षण, सामाजिक अंकेक्षण, चिकित्सकीय जांच, काउंसलिंग और कौशल विकास प्रशिक्षण सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि वहां रह रहे लोगों के पुनर्वास और सामाजिक पुनर्समावेशन में मदद मिल सके। मानव तस्करी के संभावित खतरों, सुरक्षित प्रवास, बाल संरक्षण और सरकारी सहायता योजनाओं के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए संवेदनशील प्रखंडों में व्यापक जन-जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा। इसके लिए समाज कल्याण, श्रम एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग को आपसी समन्वय से कार्य करने की जिम्मेदारी दी गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार, उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी, सहायक समाहर्ता यश कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी धीरेंद्र कुमार, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी अनीता कुजूर, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अंजना भारती, श्रम अधीक्षक दीपिका कुमारी, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय-1), नजारत उप समाहर्ता, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
मानव तस्करी रोकने को गिरिडीह के तीन प्रखंडों में चलेगा पायलट प्रोजेक्ट।