साहिबगंज
पतना: लोक आस्था का चार दिवसीय महापर्व छठ रविवार को पतना प्रखंड क्षेत्र में श्रद्धा, भक्ति और पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया गया। महापर्व के तीसरे दिन व्रती महिलाओं एवं पुरुषों ने विभिन्न छठ घाटों पर पहुंचकर अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को विधि-विधान के साथ पहला अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान पतना प्रखंड अंतर्गत धरमपुर स्थित शांतिनगर छठ पूजा समिति की ओर से भी छठ पूजा को लेकर विशेष व्यवस्था की गई। पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना रहा और छठी मइया के पारंपरिक गीतों से वातावरण गुंजायमान होता रहा।
पहले अर्घ्य को लेकर व्रतियों ने दिनभर तैयारियां कीं। शाम होते ही व्रती अपने परिजनों के साथ छठ घाटों पर पहुंचे। इस दौरान पारंपरिक सूप और दउरा में मौसमी फल, ठेकुआ, नारियल, गन्ना तथा अन्य पूजन सामग्री को सजाया गया था। व्रतियों ने अस्त होते सूर्य को जल और दूध से अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-शांति, खुशहाली, आरोग्यता एवं समृद्धि की कामना की। घाटों पर महिलाओं, पुरुषों, बच्चों और बुजुर्गों की सहभागिता देखने को मिली।
वहीं, धरमपुर के शांतिनगर छठ पूजा समिति की ओर से भी महापर्व को लेकर धार्मिक उत्साह के साथ तैयारियां की गईं। समिति से जुड़े लोगों एवं स्थानीय श्रद्धालुओं ने पूजा में सहभागिता निभाई। क्षेत्र में छठ पर्व को लेकर लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला। परिवार के सदस्य एक-दूसरे का सहयोग करते हुए छठ की पारंपरिक परंपराओं का निर्वहन करते नजर आए।
पूजा समिति के सदस्य राजकुमार यादव, प्रिंस मिश्रा, रवि दास,हीरू साहा, रोहित यादव , राजा यादव,अंकित गुप्ता, पंकज यादव,राजेश, राम, विशाल यादव, अन्य सदस्य मौजूद रहे।
छठ महापर्व के चौथे और अंतिम दिन सोमवार की सुबह व्रती उदीयमान भगवान सूर्य को दूसरा अर्घ्य अर्पित करेंगे। इसके साथ ही चार दिवसीय छठ महापर्व का विधिवत समापन होगा। सूर्योदय के समय घाटों पर पहुंचकर व्रती भगवान भास्कर की उपासना करेंगे। इसके बाद पारण कर 36 घंटे के कठिन निर्जला उपवास का समापन करेंगे।
छठ पर्व को लेकर पतना क्षेत्र में चारों ओर श्रद्धा और उत्साह का माहौल है। लोक आस्था का यह महापर्व सूर्योपासना के साथ-साथ सामाजिक एकता, पारिवारिक सौहार्द, स्वच्छता और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का संदेश भी देता है।
पतना में आस्था का सैलाब, व्रतियों ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्पित किया पहला अर्घ्य