पतना:
लोक आस्था का महापर्व छठ पतना प्रखंड क्षेत्र में रविवार को पूरे श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। महापर्व के तीसरे दिन व्रती महिलाओं एवं पुरुषों ने विभिन्न छठ घाटों पर पहुंचकर अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान बड़ा दिघी पंचायत अंतर्गत दिग्घी गांव स्थित डिगी स्कूल पोखर छठ घाट पर श्री श्री छठ पूजा समिति डिगी स्कूल पोखर की ओर से भव्य छठ पूजा का आयोजन किया गया। पूजा को लेकर घाट पर विशेष तैयारियां की गई थीं। आकर्षक सजावट और भक्तिमय माहौल के बीच बड़ी संख्या में श्रद्धालु घाट पर पहुंचे और विधि-विधान से भगवान सूर्य की आराधना की।
छठ व्रतियों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार बांस के सूप और दउरा में फल, ठेकुआ, नारियल सहित विभिन्न पूजन सामग्रियों को सजाकर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान भास्कर से अपने परिवार की सुख-शांति, खुशहाली, आरोग्य और समृद्धि की कामना की। घाट पर छठी मईया के पारंपरिक गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। परिवार के सदस्यों और ग्रामीणों ने भी व्रतियों की सेवा एवं पूजा की तैयारियों में बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई।
श्री श्री छठ पूजा समिति के सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई। समिति के सदस्य सह वार्ड सदस्य संदीप भगत, सीटू भगत, उत्तम भगत, चंदन गुप्ता, मुन्ना गुप्ता, मोहन गुप्ता, सुजीत भगत, मोनू भगत एवं मोनू यादव सहित अन्य लोगों ने पूजा व्यवस्था में सहयोग किया।
गौरतलब है कि छठ महापर्व के चौथे और अंतिम दिन सोमवार की सुबह व्रती उदीयमान भगवान सूर्य को दूसरा अर्घ्य अर्पित करेंगे। इसके साथ ही चार दिवसीय छठ महापर्व का विधिवत समापन होगा। इसके बाद व्रती महिलाएं एवं पुरुष पारण कर 36 घंटे के कठिन निर्जला व्रत का समापन करेंगे।
दिग्घी गांव सहित पूरे पतना क्षेत्र में छठ महापर्व को लेकर उत्साह और उल्लास का माहौल बना हुआ है। लोक आस्था, पारिवारिक एकजुटता और सामाजिक सहभागिता का प्रतीक यह पर्व लोगों को आस्था और परंपरा के सूत्र में बांधता नजर आया।
दिग्घी गांव में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया छठ महापर्व, व्रतियों ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्पित किया पहला अर्घ्य