10 Nov 2026
Current Khabar
Current Khabar
झारखंड की आवाज़

टमटम स्टैंड में भव्य काली पूजा पंडाल का उद्घाटन, बजरंगी प्रसाद यादव ने की सुख-समृद्धि की कामना

प्रिंस मिश्रा
प्रिंस मिश्रा reporter
📅 10 Nov 2026, 02:53 PM IST
👁 11 views
WhatsApp Facebook
टमटम स्टैंड में भव्य काली पूजा पंडाल का उद्घाटन, बजरंगी प्रसाद यादव ने की सुख-समृद्धि की कामना
साहिबगंज:

शहर के कॉलेज रोड स्थित टमटम स्टैंड में शांति काली पूजा समिति की ओर से काली पूजा के अवसर पर आकर्षक एवं भव्य पूजा पंडाल का निर्माण कराया गया है। बुधवार को भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय मंत्री बजरंगी प्रसाद यादव ने विधिवत पूजा-अर्चना के बाद फीता काटकर पूजा पंडाल का उद्घाटन किया। उद्घाटन के साथ ही पूरा परिसर मां काली के जयकारों से भक्तिमय हो उठा।

इस अवसर पर पूजा समिति के सदस्यों ने बजरंगी प्रसाद यादव का चुनरी ओढ़ाकर एवं पुष्पमाला पहनाकर गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने मां काली के चरणों में माथा टेककर पूजा-अर्चना की और जिले सहित पूरे झारखंड राज्य की सुख-समृद्धि, खुशहाली, शांति एवं निरंतर उन्नति की कामना की।

मौके पर बजरंगी प्रसाद यादव ने कहा कि मां काली की आराधना शक्ति, साहस और अन्याय एवं बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है। काली पूजा जैसे धार्मिक आयोजन हमारी सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक परंपराओं को जीवंत बनाए रखने के साथ-साथ समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक एकता को भी मजबूत करते हैं। ऐसे आयोजनों से लोगों में सामूहिकता और सद्भाव की भावना विकसित होती है।

उन्होंने श्रद्धालुओं एवं शहरवासियों से अपील की कि वे काली पूजा और दीपावली का पर्व आपसी प्रेम, सौहार्द, श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाएं। साथ ही पर्व के दौरान सामाजिक एकता और भाईचारे की परंपरा को बनाए रखने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में शांति काली पूजा समिति के अध्यक्ष मुन्ना यादव, सचिव प्रेमनाथ तिवारी, संतोष स्वर्णकार, नीरज यादव, राजू मिश्रा, रवि अजमानी, अमलेश यादव, विनय आर्या, कृष्णा शर्मा, मयंक यादव, सौरभ गुप्ता, विजय मोदी, पप्पू यादव, विकास यादव एवं विकास सिन्हा सहित पूजा समिति के अन्य सदस्य और बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु उपस्थित थे।