आपदा प्रबंधन की तैयारियों को परखने के उद्देश्य से अडाणी पावर लिमिटेड, गोड्डा में जिला प्रशासन द्वारा मॉक ड्रिल का आयोजन
◼️ *आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई, सुरक्षा उपायों तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को परखने पर दिया गया जोर।*
◼️ *मॉक ड्रिल के माध्यम से आपदा की स्थिति में सतर्कता, तत्परता एवं बचाव कार्यों के प्रति जागरूकता का संदेश।*
====================
आज दिनांक 27.11.2026 को गोड्डा जिले में आपदा प्रबंधन की तैयारियों को परखने, आपातकालीन परिस्थितियों में विभिन्न विभागों की कार्यक्षमता एवं आपसी समन्वय का आकलन करने तथा आम नागरिकों को आपदाओं से निपटने के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन, गोड्डा द्वारा अडाणी पावर लिमिटेड, गोड्डा परिसर में मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया।
मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य संभावित आपदा अथवा किसी अप्रत्याशित आपातकालीन स्थिति के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों का व्यावहारिक परीक्षण करना तथा संबंधित अधिकारियों, कर्मियों एवं संस्थान के कर्मचारियों को ऐसी परिस्थितियों में त्वरित, सुरक्षित एवं प्रभावी कार्रवाई के लिए तैयार करना था। इसके माध्यम से आपदा की स्थिति में अपनाई जाने वाली आवश्यक प्रक्रियाओं, सुरक्षा मानकों तथा उपलब्ध संसाधनों की उपयोगिता का आकलन करने पर विशेष जोर दिया गया।
इस प्रकार के मॉक ड्रिल का आयोजन आपदा प्रबंधन व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। आपातकालीन परिस्थितियों में किसी भी प्रकार की अफरा-तफरी से बचने, समय पर उचित निर्णय लेने, सुरक्षित स्थानों तक पहुंचने तथा राहत एवं बचाव कार्यों को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए पूर्वाभ्यास अत्यंत आवश्यक है।
मॉक ड्रिल के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि आपदा की स्थिति में प्रत्येक व्यक्ति की सतर्कता, सूझबूझ एवं निर्धारित सुरक्षा प्रक्रियाओं का पालन करना बेहद महत्वपूर्ण है। साथ ही, आपदा प्रबंधन के दौरान विभिन्न विभागों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं संबंधित संस्थानों के बीच बेहतर तालमेल और त्वरित संचार व्यवस्था की अहम भूमिका होती है।
जिला प्रशासन, गोड्डा द्वारा आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में तैयारियों को मजबूत करने, संभावित जोखिमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा आपातकालीन परिस्थितियों में जन-धन की क्षति को न्यूनतम करने के उद्देश्य से इस प्रकार के अभ्यास को महत्वपूर्ण पहल के रूप में लिया जा रहा है।
*मौके पर अपर समाहर्ता, गोड्डा श्री इन्दर कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी, गोड्डा श्री वैद्यनाथ उरांव, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्री आकाश भारद्वाज, पुलिस उपाधीक्षक हेडक्वार्टर श्री जेपीएन चौधरी,जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, गोड्डा श्री ओमप्रकाश यादव , जिला परिवहन पदाधिकारी , गोड्डा श्री संतोष कुमार चौधरी सहित अडाणी पावर लिमिटेड के अधिकारीगण एवं कर्मीगण उपस्थित रहे।
आपदा प्रबंधन की तैयारियों को परखने के उद्देश्य से अडाणी पावर लिमिटेड, गोड्डा में जिला प्रशासन द्वारा मॉक ड्रिल का आयोजन