उपायुक्त की अध्यक्षता में जिला जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक संपन्न
◼️ *स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत संचालित योजनाओं की प्रगति की हुई समीक्षा, निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने का निर्देश।*
====================
आज दिनांक 27.11.2026 को समाहरणालय सभागार में जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त, गोड्डा श्री लोकेश मिश्रा की अध्यक्षता में जिला जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत जिले में संचालित विभिन्न योजनाओं एवं गतिविधियों की अद्यतन प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान संबंधित अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं निर्धारित लक्ष्यों को समय-सीमा के भीतर पूरा करने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में व्यक्तिगत घरेलू शौचालय (IHHL) के निर्माण एवं उपयोग, मॉडल ग्राम के विकास, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन (SLWM), सामुदायिक स्वच्छता परिसर (CSC), कचरा पृथक्करण शेड के निर्माण, ट्राइसाइकिल वितरण, वेस्ट टू आर्ट तथा सैनिटेशन पार्क से संबंधित कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों से इन सभी गतिविधियों की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेते हुए कार्यों में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि आगामी 31 दिसंबर 2026 तक निर्धारित गांवों को मॉडल ग्राम के रूप में विकसित करने की दिशा में सभी आवश्यक कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण किए जाएं। उन्होंने पांच सितारा मॉडल ग्राम के निर्धारित मानकों को पूरा करने के लिए आवश्यक आधारभूत परिसंपत्तियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया। इसके तहत गांवों में नाडेप, डस्टबिन एवं सोख्ता गड्ढा जैसी परिसंपत्तियों की उपलब्धता तथा उनका समुचित उपयोग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
उपायुक्त ने अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने, शौचालयों के नियमित उपयोग, स्वच्छ व्यवहार अपनाने तथा सामुदायिक सहभागिता को प्रोत्साहित करने के लिए प्रभावी गतिविधियां संचालित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल आधारभूत संरचनाओं के निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके लिए आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी एवं व्यवहार परिवर्तन भी आवश्यक है।
बैठक के दौरान संबंधित प्रखंडों में संचालित योजनाओं की नियमित निगरानी करने, कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने तथा सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त करने पर बल दिया गया।
उक्त बैठक में कार्यपालक अभियंता श्री संजय कुमार शर्मा, जिला पंचायत राज पदाधिकारी श्रीमती निशा तिर्की, जिला शिक्षा पदाधिकारी श्रीमती मिथिला टुडू, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी (वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से), सहायक अभियंता श्री आशुतोष कुमार, जिला समन्वयक (SLWM) श्री संजीव कुमार, जिला समन्वयक श्री शत्रुघ्न प्रसाद, लेखपाल, सभी कनीय अभियंता सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
उपायुक्त की अध्यक्षता में जिला जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक संपन्न