उपायुक्त की अध्यक्षता में जिला समाज कल्याण विभाग की समीक्षात्मक बैठक संपन्न
◼️ *जिला अंतर्गत विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में रिक्त पड़े सेविका एवं सहायिका के चयन की प्रक्रिया दिसंबर माह तक पूरी करने पर दिया गया जोर।*
====================
*आज दिनांक 27.11.2026 को समाहरणालय परिसर स्थित डीआरडीए सभागार में उपायुक्त, गोड्डा श्री लोकेश मिश्रा की अध्यक्षता में जिला समाज कल्याण विभाग की महत्वपूर्ण समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।*
*बैठक के दौरान पोषण ट्रैकर पर उपलब्ध आंकड़ों के आधार पर जिले में संचालित विभिन्न योजनाओं, आंगनवाड़ी केंद्रों की आधारभूत संरचना, टेक होम राशन (THR) वितरण तथा गर्भवती महिलाओं की प्रसवपूर्व जांच (ANC) की अद्यतन स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई।*
*समीक्षा के दौरान जिला समाज कल्याण पदाधिकारी श्रीमती अलका हेंब्रम के द्वारा बताया गया कि जिले में कुल 1,869 आंगनवाड़ी केंद्र संचालित हैं, जिनमें से 1,868 केंद्रों की आधारभूत संरचना से संबंधित जानकारी पोषण ट्रैकर पर दर्ज की जा चुकी है। इनमें 1,313 केंद्र (70.29 प्रतिशत) अपने स्वयं के भवन में संचालित हैं। इसके अतिरिक्त 207 केंद्र अन्य सरकारी भवनों में, 150 केंद्र विद्यालय परिसरों में, 11 पंचायत भवनों में, 24 सामुदायिक भवनों में, 23 अन्य सरकारी स्वामित्व वाले भवनों में तथा 344 केंद्र किराये के भवनों में संचालित हो रहे हैं।*
*बैठक के दौरान उपायुक्त के द्वारा अक्टूबर 2026 माह के दौरान फेशियल रिकग्निशन सिस्टम (FRS) के माध्यम से टेक होम राशन (THR) वितरण की समीक्षा की गई। जिले में कुल 70,739 योग्य लाभुकों में से 69,961 लाभुकों का आधार फेस मैचिंग पूरा किया जा चुका है। इनमें से 52,037 लाभुकों (73.56 प्रतिशत) को एफआरएस के माध्यम से टीएचआर का वितरण सुनिश्चित किया गया है।*
*समीक्षा के दौरान उपायुक्त श्री लोकेश मिश्रा ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि विभागीय योजनाओं एवं कार्यों से संबंधित सभी लंबित कार्यों को अगले 10 दिनों के भीतर अनिवार्य रूप से पूर्ण करें। उन्होंने शत-प्रतिशत योग्य लाभुकों को फेशियल रिकग्निशन सिस्टम के माध्यम से टीएचआर वितरण सुनिश्चित करने तथा इस दिशा में शेष कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया।*
*उपायुक्त के द्वारा बताया गया कि जिन आंगनवाड़ी केंद्रों के पास अपना भवन उपलब्ध नहीं है, उनके लिए भूमि अथवा उपयुक्त सरकारी भवन चिह्नित करने की प्रक्रिया में तेजी लाए जाए। बैठक में गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य एवं पोषण पर विशेष ध्यान देते हुए सभी लंबित एएनसी जांच निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने का निर्देश दिया।*
*इसके अतिरिक्त उपायुक्त ने आंगनवाड़ी केंद्रों में सेविका एवं सहायिका के चयन की प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर दिसंबर 2026 तक अनिवार्य रूप से पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित पदाधिकारी आपसी समन्वय स्थापित करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्यों का निष्पादन सुनिश्चित करें, ताकि विभागीय योजनाओं का लाभ योग्य लाभुकों तक प्रभावी एवं पारदर्शी तरीके से पहुंच सके।*
*बैठक में जिला समाज कल्याण पदाधिकारी श्रीमती अलका हेंब्रम सहित विभाग के अन्य पदाधिकारीगण, सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (CDPO) एवं महिला पर्यवेक्षिकाएं उपस्थित रहीं।*
उपायुक्त की अध्यक्षता में जिला समाज कल्याण विभाग की समीक्षात्मक बैठक संपन्न