सड़क सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन सक्रिय, जिले में ओवरलोडेड जुगाड़ गाड़ियों का जांच अभियान जारी
◼️ *ओवरलोडिंग एवं असुरक्षित तरीके से वाहनों के परिचालन पर रखी जा रही विशेष नजर।*
◼️ *सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने एवं आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की जा रही कार्रवाई।*
====================
गोड्डा जिला अंतर्गत सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने, सड़क दुर्घटनाओं की संभावनाओं को कम करने तथा आम नागरिकों के जीवन की रक्षा के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा ओवरलोडेड जुगाड़ गाड़ियों के विरुद्ध जांच अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जुगाड़ गाड़ियों की जांच की जा रही है तथा निर्धारित क्षमता से अधिक भार लेकर चलने वाले एवं असुरक्षित तरीके से परिचालित वाहनों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
जांच अभियान के दौरान विशेष रूप से ऐसे जुगाड़ वाहनों पर ध्यान दिया जा रहा है, जिनका उपयोग निर्धारित क्षमता से अधिक सामान एवं निर्माण सामग्री के परिवहन में किया जा रहा है। ओवरलोडिंग के कारण वाहनों का संतुलन बिगड़ने, ब्रेक लगाने में कठिनाई होने तथा सड़क पर चल रहे अन्य वाहनों एवं राहगीरों के लिए दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है। विशेषकर संकरी सड़कों, बाजार क्षेत्रों एवं अधिक यातायात वाले मार्गों पर ऐसे वाहनों का परिचालन आम लोगों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा उत्पन्न कर सकता है।
जिला प्रशासन के द्वारा वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने, वाहनों पर निर्धारित क्षमता के अनुरूप ही सामान लादने तथा सुरक्षित तरीके से वाहन परिचालन करने के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
जिला प्रशासन की आम वाहन चालकों से अपील है कि वे सड़क सुरक्षा नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें। अपने वाहनों पर क्षमता से अधिक भार न लादें तथा यातायात नियमों की अनदेखी न करें। वाहन परिचालन के दौरान स्वयं की सुरक्षा के साथ-साथ सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की सुरक्षा का भी विशेष ध्यान रखें।
सड़क सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन सक्रिय, जिले में ओवरलोडेड जुगाड़ गाड़ियों का जांच अभियान जारी