गिरिडीह : बाल दिवस के अवसर पर शनिवार को जागो फाउंडेशन एवं क्राई ए.एम. के संयुक्त तत्वावधान में बाल दिवस समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पंडित जवाहरलाल नेहरू के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर किया गया। इस दौरान बच्चों ने भाषण, कविता, संगीत और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जागो फाउंडेशन के कार्यकारी सदस्य सरोजित कुमार ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू बच्चों से बेहद प्यार करते थे। इसी कारण बच्चे उन्हें प्यार से चाचा नेहरू कहते थे। बाल दिवस बच्चों के प्रति प्रेम, सम्मान और उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का अवसर है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, सुरक्षित वातावरण और बेहतर भविष्य देना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। बाल मजदूरी, बाल शोषण और बाल विवाह जैसी कुरीतियों को समाप्त करने के लिए सभी को आगे आना होगा।
उन्होंने बच्चों को साइबर फ्रॉड के बढ़ते खतरे से भी आगाह किया। कहा कि आज ऑनलाइन दुनिया में बच्चों की सुरक्षा बेहद जरूरी है। इंटरनेट का इस्तेमाल करते समय सावधानी बरतें और किसी भी ऑनलाइन गतिविधि से पहले सोच-समझकर कदम उठाएं। उन्होंने क्राई के ऑनलाइन सुरक्षा अभियान से जुड़कर बच्चों के लिए सुरक्षित डिजिटल वातावरण तैयार करने की अपील की।
वहीं गेंद प्रसाद वर्मा ने कहा कि चाचा नेहरू का सपना था कि कोई भी बच्चा शिक्षा और पौष्टिक आहार से वंचित न रहे तथा किसी भी बच्चे का शारीरिक, मानसिक या भावनात्मक शोषण न हो। उनके सपनों को साकार करने के लिए समाज के हर व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।
सामाजिक कार्यकर्ता डोली कुमारी ने बालिका शिक्षा पर जोर देते हुए कहा कि सरकार बेटियों की शिक्षा के लिए कई महत्वाकांक्षी योजनाएं चला रही है। जरूरत है कि हर बेटी इन योजनाओं का लाभ उठाकर उच्च शिक्षा प्राप्त करे और समाज में समान अधिकार के साथ अपनी पहचान बनाए।
कार्यक्रम को सफल बनाने में संस्था के मनोज कुमार टुडू, शुकरमुनि मरांडी, अंजनी कुमारी, खुशबू कुमारी, नेहा कुमारी सहित अन्य सदस्यों की सराहनीय भूमिका रही।
बाल दिवस पर गूंजा बच्चों के अधिकार और सुरक्षित भविष्य का संदेश, जागो फाउंडेशन ने साइबर फ्रॉड से बचाव के लिए किया जागरूक।