28 Nov 2026
Current Khabar
Current Khabar
झारखंड की आवाज़

बोरियो में दो दिवसीय परिवहन दरबार आयोजित, ग्रामीणों को दी गई परिवहन सेवाओं और सड़क सुरक्षा की जानकारी

प्रिंस मिश्रा
प्रिंस मिश्रा reporter
📅 28 Nov 2026, 11:57 AM IST
👁 11 views
WhatsApp Facebook
बोरियो में दो दिवसीय परिवहन दरबार आयोजित, ग्रामीणों को दी गई परिवहन सेवाओं और सड़क सुरक्षा की जानकारी
बोरियो (साहिबगंज): झारखंड स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित सड़क सुरक्षा पखवाड़ा के तहत जिला परिवहन विभाग, साहिबगंज की ओर से बोरियो प्रखंड में दो दिवसीय परिवहन दरबार का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को परिवहन विभाग की विभिन्न सेवाओं का लाभ उनके नजदीक उपलब्ध कराना तथा सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों को परिवहन संबंधी सरकारी योजनाओं, ऑनलाइन आवेदन प्रक्रियाओं और सड़क दुर्घटनाओं की स्थिति में मिलने वाली सहायता की विस्तृत जानकारी दी गई।
परिवहन दरबार में जनप्रतिनिधियों, ग्राम प्रधानों एवं स्थानीय ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिविर में विभागीय अधिकारियों एवं कर्मियों ने लोगों को ड्राइविंग लाइसेंस के लर्निंग लाइसेंस, नवीनीकरण एवं संशोधन, वाहन पंजीकरण प्रमाणपत्र (आरसी) के हस्तांतरण, वाहन फिटनेस, प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (पीयूसी) तथा वाहन बीमा से संबंधित ऑनलाइन आवेदन और प्रक्रियाओं की जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि परिवहन विभाग की सेवाओं को ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाने का उद्देश्य लोगों को अनावश्यक परेशानी और भागदौड़ से राहत दिलाना है।

राहवीर योजना और हिट एंड रन मुआवजे की दी जानकारी

कार्यक्रम के दौरान सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की मदद करने के महत्व पर विशेष जोर दिया गया। लोगों को राहवीर (नेक नागरिक) योजना के बारे में जानकारी देते हुए बताया गया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को गोल्डन आवर यानी दुर्घटना के बाद के शुरुआती महत्वपूर्ण समय में अस्पताल पहुंचाना उसकी जान बचाने में बेहद अहम हो सकता है। ऐसे नेक नागरिकों को सरकार की ओर से प्रोत्साहन राशि एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किए जाने का भी प्रावधान है।