28 Nov 2026
Current Khabar
Current Khabar
झारखंड की आवाज़

कैंडल मार्च निकाल छात्राओं ने बाल विवाह के खिलाफ बुलंद की आवाज, बाल विवाह मुक्त समाज बनाने का लिया संकल्प

प्रिंस मिश्रा
प्रिंस मिश्रा reporter
📅 28 Nov 2026, 12:02 PM IST
👁 11 views
WhatsApp Facebook
कैंडल मार्च निकाल छात्राओं ने बाल विवाह के खिलाफ बुलंद की आवाज, बाल विवाह मुक्त समाज बनाने का लिया संकल्प
साहिबगंज: अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह निषेध दिवस के अवसर पर बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के उन्मूलन को लेकर साहिबगंज जिले में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। इसके तहत जिले के विभिन्न प्रखंडों में संचालित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में छात्राओं ने कैंडल मार्च निकालकर समाज को बाल विवाह के खिलाफ एकजुट होने का संदेश दिया। हाथों में जलती मोमबत्तियां लेकर निकली छात्राओं ने शिक्षा, सुरक्षा, सम्मान और बेटियों के उज्ज्वल भविष्य का संदेश देते हुए बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।
इसी क्रम में सदर प्रखंड स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी पूनम कुमारी के नेतृत्व में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बाल कल्याण समिति के सदस्य देवव्रत कुमार, गैर संस्थागत देखरेख पदाधिकारी चंदा कुमारी, मंथन संस्था के जिला समन्वयक अमन वर्मा तथा एसोसिएशन फॉर वॉलंटरी एक्शन के अनिल कुमार उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को बाल विवाह निषेध अधिनियम, 2006 के विभिन्न कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई। वक्ताओं ने बताया कि बाल विवाह न केवल बच्चों के मौलिक अधिकारों का हनन है, बल्कि इससे उनके शारीरिक, मानसिक और सामाजिक विकास पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। कम उम्र में विवाह के कारण विशेष रूप से बालिकाओं को स्वास्थ्य संबंधी गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। इसके अलावा उनकी शिक्षा बाधित होती है और आत्मनिर्भर बनने के अवसर भी सीमित हो जाते हैं।
छात्राओं को बाल विवाह से उत्पन्न होने वाले सामाजिक एवं स्वास्थ्य संबंधी दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से समझाया गया। साथ ही उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने, शिक्षा को प्राथमिकता देने और किसी भी परिस्थिति में बाल विवाह के दबाव के आगे नहीं झुकने के लिए प्रेरित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि बाल विवाह की रोकथाम के लिए केवल प्रशासनिक प्रयास पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि इसके लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। जागरूकता, शिक्षा और सामूहिक प्रयासों के माध्यम से ही इस कुप्रथा को समाप्त किया जा सकता है।
इस अवसर पर छात्राओं को अपने परिवार, गांव और आसपास के क्षेत्रों में बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता फैलाने तथा ऐसी किसी भी घटना की जानकारी मिलने पर उसे रोकने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित छात्राओं एवं अन्य प्रतिभागियों को बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण और इस सामाजिक कुरीति के उन्मूलन के लिए सामूहिक शपथ भी दिलाई गई।
कार्यक्रम में विद्यालय की वार्डन मीरू सोरेन, मेरीनीला मरांडी सहित सैकड़ों छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कैंडल मार्च और जागरूकता कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं ने यह संदेश दिया कि बेटियों का भविष्य बाल विवाह में नहीं, बल्कि शिक्षा, आत्मनिर्भरता और समान अवसरों में निहित है। जिला प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य समाज में जागरूकता बढ़ाकर बाल विवाह जैसी कुप्रथा को जड़ से समाप्त करना और प्रत्येक बालिका को सुरक्षित एवं सम्मानजनक भविष्य उपलब्ध कराना है।