चेक बाउंस मामले में अभियुक्त को एक साल की सजा, 35 लाख रुपये जुर्माना।
तेनुघाट। तेनुघाट व्यवहार न्यायालय के प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी दिग्विजय नाथ शुक्ला ने चेक बाउंस के आरोपी धनबाद जिला अंतर्गत बरमसिया निवासी राजीव कुमार सिंह उर्फ अनंत कुमार उर्फ अनंत सिंह को एक साल की सजा और 35 लाख रुपये जुर्माना की सजा सुनाई। बताते चलें कि तेनुघाट निवासी तेज नारायण तिवारी ने न्यायालय में आवेदन देकर बताया था कि अभियुक्त राजीव कुमार सिंह के साथ उनकी दोस्ती थी और वह ठेकेदार था। ठेकेदारी को लेकर अभियुक्त ने परिवादी तेज नारायण तिवारी से 57 लाख रुपये दोस्ताना कर्ज मांगा था। उसकी बातों पर विश्वास कर परिवादी ने वर्ष 2021 में 53 लाख रुपये अभियुक्त के खाता में और 4 लाख रुपये नगद, इस तरह कुल 57 लाख रुपये अभियुक्त को दिया था। इसके बाद अभियुक्त ने परिवादी को कुल 17 लाख 27 हजार रुपये वापस किया, मगर 39 लाख 73 हजार रुपये वापस नहीं किया। जब परिवादी ने अभियुक्त से रुपये की मांग की, तब अभियुक्त ने 30 लाख रुपये का एक चेक परिवादी को दिया। जब परिवादी ने उस चेक को बैंक में भुगतान के लिए डाला तो अभियुक्त के खाता में रकम नहीं होने के कारण बैंक ने उसे वापस कर दिया। इसके बाद परिवादी ने अभियुक्त के विरुद्ध न्यायालय में चेक बाउंस का मामला दर्ज कराया। न्यायालय में उपलब्ध गवाही एवं दोनों पक्षों के अधिवक्ताओं की बहस सुनने के बाद प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी श्री डी.एन. शुक्ला ने अभियुक्त को दोषी पाते हुए एक साल की सजा और 35 लाख रुपये जुर्माना की सजा सुनाई। सजा सुनाए जाने के बाद अभियुक्त के अधिवक्ता ने सजा के खिलाफ अपील में जाने के लिए आवेदन दिया, जिसके बाद अभियुक्त को जमानत पर छोड़ा गया। परिवादी की ओर से अधिवक्ता वीरेंद्र प्रसाद ने बहस की।