साहिबगंज
कोटालपोखर : लोक आस्था और सूर्य उपासना का महापर्व छठ पूजा कोटालपोखर में पूरे श्रद्धा, उल्लास और भक्तिमय वातावरण में मनाया जा रहा है। रविवार को छठ व्रतियों ने विभिन्न छठ घाटों पर पहुंचकर अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को संध्या अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान छठी मैया के पारंपरिक गीतों और जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।
छठ पूजा को लेकर सुबह से ही श्रद्धालुओं में खास उत्साह देखने को मिला। व्रती महिलाएं और पुरुष सिर पर दउरा लेकर परिवार के सदस्यों के साथ छठ घाट पहुंचे। घाटों पर पहुंचकर विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की और अस्त होते सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
महापर्व को लेकर विभिन्न छठ पूजा समितियों द्वारा घाटों पर विशेष तैयारियां की गई थीं। थाना रोड छठ पूजा समिति, हाटपाड़ा छठ पूजा समिति एवं नेताजी सुभाष युवा क्लब छठ पूजा समिति की ओर से घाटों की साफ-सफाई के साथ भव्य सजावट और आकर्षक लाइटिंग की व्यवस्था की गई थी। रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाते घाट श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बने रहे।
वहीं, छठ पर्व की पवित्रता और स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए स्थानीय लोगों ने भी सड़कों और गलियों की साफ-सफाई की। पूरे कोटालपोखर में पर्व को लेकर उत्सव जैसा माहौल बना रहा। सोमवार की सुबह व्रती उदीयमान भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे। इसके साथ ही चार दिवसीय लोक आस्था के महापर्व छठ का विधिवत समापन होगा।
छठी मैया के जयकारों से गूंजा कोटालपोखर, अस्ताचलगामी सूर्य को व्रतियों ने दिया अर्घ्य