मौलाना आजाद कॉलेज ने मौलाना सज्जाद नोमानी और वक्फ बोर्ड के सीईओ गुलाम समदानी को किया सम्मानित
मौलाना आजाद की 138वीं जयंती के अवसर पर हज भवन में आयोजित कार्यक्रम में शिक्षा, सामाजिक सुधार और सामुदायिक विकास में योगदान के लिए किया गया सम्मानित
रांची। देश के महान स्वतंत्रता सेनानी, प्रख्यात शिक्षाविद् एवं आजाद भारत के प्रथम शिक्षा मंत्री मौलाना अबुल कलाम आजाद की 138वीं जयंती के अवसर पर अंजुमन इस्लामिया, रांची की इकाई मौलाना आजाद कॉलेज की ओर से एक जिसे मजलिस उलेमा झारखण्ड के कार्यक्रम में जो हज भवन, रांची में आयोजित हुआ था। इस कार्यक्रम में मुंबई से रांची पहुंचे विश्व प्रसिद्ध इस्लामी विद्वान, चिंतक एवं शिक्षाविद् मौलाना सज्जाद नोमानी साहब को शिक्षा, सामाजिक सुधार, दीन की खिदमत और समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए मौलाना आजाद कॉलेज की ओर से सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर झारखंड राज्य सुन्नी वक्फ बोर्ड के सीईओ जनाब गुलाम समदानी को भी शिक्षा के क्षेत्र में उनके सराहनीय प्रयासों और सामाजिक योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
मौलाना सज्जाद नोमानी का संक्षिप्त परिचय एवं योगदान
मौलाना खलीलुर रहमान सज्जाद नोमानी देश के प्रतिष्ठित इस्लामी विद्वानों, चिंतकों, लेखकों और शिक्षाविदों में शुमार हैं। उनका संबंध प्रसिद्ध इस्लामी विद्वान मौलाना मंजूर नोमानी के परिवार से है। उन्होंने नदवतुल उलमा, दारुल उलूम देवबंद और सऊदी अरब की इस्लामिक यूनिवर्सिटी मदीना से उच्च धार्मिक शिक्षा प्राप्त की तथा कुरआनी विषयों में विशेषज्ञता हासिल की।
मौलाना सज्जाद नोमानी धार्मिक शिक्षा के साथ-साथ आधुनिक शिक्षा, सामाजिक जागरूकता, आपसी संवाद, मानवता की सेवा और शैक्षणिक संस्थानों के विकास के लिए भी जाने जाते हैं। वे अल-फुरकान पत्रिका के मुख्य संपादक तथा कई शैक्षणिक और सामाजिक संस्थाओं के संस्थापक एवं संरक्षक हैं। देश-विदेश में अपने विचारों और व्याख्यानों के माध्यम से उन्होंने शिक्षा, सामाजिक सुधार और समाज में सकारात्मक बदलाव के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
गुलाम समदानी के शैक्षणिक प्रयासों की भी सराहना
कार्यक्रम में झारखंड राज्य सुन्नी वक्फ बोर्ड के सीईओ जनाब गुलाम समदानी को भी मौलाना आजाद कॉलेज की ओर से सम्मानित किया गया। विशेष रूप से हज हाउस में जरूरतमंद और आर्थिक रूप से कमजोर छात्र-छात्राओं के लिए निःशुल्क JPSC एवं SSC प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग शुरू कराने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका और पहल की सराहना की गई। उनका यह प्रयास उन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के लिए उम्मीद की नई राह खोलने वाला है, जो आर्थिक कठिनाइयों के कारण प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी नहीं कर पाते हैं।
इस अवसर पर अंजुमन इस्लामिया एवं मौलाना आजाद कॉलेज के अध्यक्ष हाजी मोख्तार अहमद, मौलाना आजाद कॉलेज के प्रोफेसर डॉ. ओबैदुल्लाह कासमी, डॉ. इलियास मजीद, डॉ. महमूद आलम, एडवोकेट जावेद सलीम सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे। सभी ने दोनों सम्मानित व्यक्तित्वों को मुबारकबाद देते हुए उनके शैक्षणिक, सामाजिक और सामुदायिक योगदान की सराहना की।
इस मौके पर हाजी मोख्तार अहमद ने कहा कि मौलाना अबुल कलाम आजाद की जिंदगी शिक्षा, राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव और देश की तरक्की के लिए समर्पित रही। उनकी जयंती पर शिक्षा और समाज के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली शख्सियतों को सम्मानित करना उनके विचारों और आदर्शों को आगे बढ़ाने का एक प्रयास है। मौलाना सज्जाद नोमानी और गुलाम समदानी जैसे लोगों के प्रयास समाज के लिए प्रेरणादायक हैं। खासकर शिक्षा के माध्यम से समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्ग को आगे बढ़ाने की कोशिशों को प्रोत्साहित करना आज की सबसे बड़ी जरूरत है।
जारीकर्ता:
हाजी मोख्तार अहमद
अध्यक्ष
अंजुमन इस्लामिया, रांची एवं मौलाना आजाद कॉलेज, रांची
मौलाना आजाद कॉलेज ने मौलाना सज्जाद नोमानी और वक्फ बोर्ड के सीईओ गुलाम समदानी को किया सम्मानित