गिरिडीह को हेमंत सरकार ने बड़ी सौगात दी है। पीरटांड़ प्रखंड में 172 एकड़ वनभूमि पर करीब 150 करोड़ रुपये की लागत से चिड़ियाघर बनाया जाएगा। बुधवार को डीसी रामनिवास यादव और डीएफओ मनीष तिवारी ने संयुक्त प्रेसवार्ता कर इसकी जानकारी दी। अधिकारियों के मुताबिक, अगले छह महीने के भीतर निर्माण कार्य शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।
चिड़ियाघर का निर्माण पीरटांड़ के दुर्धनियां, कुम्हारलालो, कटवारा और कर्णपुरा मौजा में किया जाएगा। डीसी ने स्पष्ट किया कि पूरी जमीन वनभूमि है और इसमें किसी भी रैयती जमीन का अधिग्रहण नहीं करना पड़ेगा।
वहीं, डीएफओ मनीष तिवारी ने बताया कि इस चिड़ियाघर में दूसरे राज्यों से तेंदुआ, बाघ, चीता, नीलगाय, घोड़ा और घड़ियाल जैसे वन्यजीव लाए जाएंगे। इसके लिए भारत सरकार से आवश्यक स्वीकृति और डीपीआर की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
प्रस्तावित चिड़ियाघर पारसनाथ स्टेशन और न्यू गिरिडीह स्टेशन से करीब 25 किलोमीटर तथा देवघर एयरपोर्ट से लगभग 65 किलोमीटर दूर होगा। इसके निर्माण से गिरिडीह में पर्यटन को नई पहचान मिलने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद है।
गिरिडीह को बड़ी सौगात, 150 करोड़ की लागत से 172 एकड़ में बनेगा चिड़ियाघर, छह महीने में शुरू होगा निर्माण।