23 Nov 2026
Current Khabar
Current Khabar
झारखंड की आवाज़

पतना में जिला स्तरीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ, सिविल सर्जन ने बच्चों को पिलाई पोलियो की दो बूंद

प्रिंस मिश्रा
प्रिंस मिश्रा reporter
📅 23 Nov 2026, 07:15 PM IST
👁 11 views
WhatsApp Facebook
पतना में जिला स्तरीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ, सिविल सर्जन ने बच्चों को पिलाई पोलियो की दो बूंद
एएमआर जागरूकता सप्ताह के तहत लोगों को स्वच्छता और संक्रमण से बचाव के प्रति किया गया जागरूक*

*पतना:*

प्रखंड की केंदुआ पंचायत अंतर्गत हाटपाड़ा में रविवार को जिला स्तरीय पल्स पोलियो अभियान का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि साहिबगंज के सिविल सर्जन डॉ. रामदेव पासवान एवं विशिष्ट अतिथि पतना के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. समसुल हक ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारी, कर्मी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर स्वास्थ्य कर्मियों ने अतिथियों का बुके देकर स्वागत किया।

अभियान के शुभारंभ के अवसर पर अतिथियों एवं स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारियों ने शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दो बूंद खुराक पिलाकर कार्यक्रम की शुरुआत की। खुराक पीने वाले बच्चों को प्रोत्साहन स्वरूप चॉकलेट भी दी गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बच्चों के साथ उनके अभिभावक भी मौजूद रहे।

*हर बच्चे को पोलियो की खुराक पिलाना जरूरी : सिविल सर्जन*

मौके पर सिविल सर्जन डॉ. रामदेव पासवान ने कहा कि बच्चों को पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने के लिए पल्स पोलियो अभियान बेहद महत्वपूर्ण है। अभियान के तहत शून्य से पांच वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की खुराक पिलाना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि अभियान की सफलता केवल स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि इसमें समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सक्रिय भागीदारी भी जरूरी है।
उन्होंने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने बच्चों को निर्धारित पोलियो खुराक अवश्य पिलाएं और आसपास के परिवारों को भी इसके लिए जागरूक करें। इस बात का विशेष ध्यान रखा जाए कि क्षेत्र का कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक पीने से वंचित न रह जाए। बच्चों का बेहतर स्वास्थ्य और सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए विभाग लगातार जागरूकता एवं स्वास्थ्य संबंधी कार्यक्रम संचालित कर रहा है।

इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के कर्मियों ने भी अभिभावकों को पल्स पोलियो अभियान के उद्देश्य एवं महत्व की जानकारी दी तथा अपने आसपास रहने वाले पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक दिलाने के लिए प्रेरित किया।

*एएमआर जागरूकता सप्ताह के तहत स्वच्छता का दिया संदेश*

पल्स पोलियो अभियान के शुभारंभ के बाद हाटपाड़ा में विश्व एएमआर (एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस) जागरूकता सप्ताह के तहत विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह जागरूकता सप्ताह 18 से 24 नवंबर तक मनाया जा रहा है। वर्ष 2026 के लिए इसकी थीम 'वन हेल्थ, वन एक्शन : प्रिवेंट एएमआर नाउ' निर्धारित की गई है।
कार्यक्रम के दौरान लोगों को व्यक्तिगत स्वच्छता, साफ-सफाई और आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। स्वास्थ्य कर्मियों ने बताया कि संक्रमण से बचाव के लिए स्वच्छ आदतों को दैनिक जीवन में अपनाना बेहद जरूरी है। लोगों को अपने घरों एवं आसपास सफाई रखने, हाथों की नियमित सफाई करने तथा संक्रमण फैलने से रोकने के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने के प्रति जागरूक किया गया।
साथ ही एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस (एएमआर) की रोकथाम में स्वच्छता और संक्रमण नियंत्रण की महत्वपूर्ण भूमिका पर भी प्रकाश डाला गया। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और स्वच्छ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।
*स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारी एवं कर्मी रहे मौजूद*
कार्यक्रम में राज्य प्रतिनिधि डॉ. अंजुम इकबाल, झामुमो प्रखंड सचिव मोहम्मद शहबाज, केंदुआ पंचायत समिति सदस्य राजेश यादव, इसराफिल अंसारी, अनूप साहा, डब्ल्यूएचओ आरआरटी डॉ. सुमित कुमार यादव, तौसीफ अहमद, मुजाहिद अख्तर, पीटर सोरेन, डॉ. दीपक मिश्रा एवं मेडिकल ऑफिसर डॉ. कुणाल किशोर सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
इसके अलावा बीडीएम, एमपीडब्ल्यू, सीएचओ, एएनएम, बीटीटी, सहिया साथी एवं सहिया सहित स्वास्थ्य विभाग के कई कर्मियों ने कार्यक्रम में सक्रिय भूमिका निभाई। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को बच्चों को पोलियो से सुरक्षित रखने के साथ-साथ स्वच्छता अपनाकर संक्रमण से बचाव करने का संदेश दिया गया।